
Film Federation Of India Oscar Entry: शरवरी वाघ इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' को लेकर चर्चा में हैं। सूरज बड़जात्या के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में शरवरी के साथ आयुष्मान खुराना लीड रोल में हैं। शरवरी और आयुष्मान लगातार अपनी इस अपकमिंग फैमिली ड्रामा के प्रमोशन में जुटे हुए हैं और इस बीच एक्ट्रेस शरवरी वाघ ने साफ किया है कि इम्तियाज अली के डायरेक्शन में बनी उनकी फिल्म 'मैं वापस आउंगा' के ऑस्कर में भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में न चुने जाने का उन्हें कोई अफसोस नहीं है। इस दौड़ में मराठी फिल्म 'गोंधल' (Gondhal) के आगे निकल जाने पर शरवरी ने ना सिर्फ उसकी तारीफ की, बल्कि दर्शकों के प्यार को किसी भी सम्मान से बड़ा बताया।
PTI को दिए इंटरव्यू में शरवरी ने कहा कि ऑस्कर एंट्री का फैसला कोई दौड़ या मुकाबला नहीं है और किसी भी भारतीय फिल्म की जीत सामूहिक जीत की तरह है। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद मराठी फिल्म 'गोंधल' देखी है और वह एक शानदार फिल्म है, जिसके पास दुनिया को कहने के लिए बहुत कुछ है। शरवरी के मुताबिक, मराठी सिनेमा की इस फिल्म के आगे बढ़ने पर उन्हें गर्व है और उनके मन में कोई नाराजगी या कटुता नहीं है।
2026 की स्लीपर हिट मानी जाने वाली 'मैं वापस आउंगा' के सफर को याद करते हुए शरवरी ने कहा कि फिल्म ने इंडस्ट्री में एक खास प्रवृत्ति को जन्म दिया। शुरुआत भले ही धीमी रही हो, लेकिन अच्छी 'वर्ड ऑफ माउथ' के सहारे फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाई। Sacnilk के अनुसार, फिल्म ने 99.39 करोड़ रुपये की कमाई की।
बता दें, शरवरी ने कहा कि एक दौर ऐसा भी था जब लोगों को इसके सिनेमाघरों में आने की उम्मीद कम थी, लेकिन इम्तियाज अली के विजन और साहस से ये संभव हो पाया। उन्होंने कहा कि दर्शकों ने फिल्म को जो प्यार दिया, वही सबसे बड़ी उपलब्धि है, इसलिए ऑस्कर में न जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता।
'मैं वापस आउंगा' भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसमें नसीरुद्दीन शाह, दिलजीत दोसांझ और वेदांग रैना अहम भूमिकाओं में हैं। कहानी विभाजन से पहले कीनू (वेदांग रैना) और जिया (शरवरी) की प्रेम कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो दो अलग-अलग समयखंडों में आगे बढ़ती है। इसमें नसीरुद्दीन शाह कीनू के बड़े रूप में नजर आते हैं, जबकि दिलजीत दोसांझ उनके पोते की भूमिका निभाते हैं।
शरवरी वाघ की फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही हैं, जिसमें वे आयुष्मान खुराना के साथ दिखाई देंगी। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वह पूर्वा नाम के किरदार में हैं, जो स्पष्ट सोच वाली है और अपने परिवार के प्रति जिम्मेदारियों से समझौता नहीं करती।
29 साल शरवरी के अनुसार, पूर्वा का किरदार निभाते समय उन्होंने सूरज बड़जात्या की फिल्मों की पारंपरिक भावनात्मक संवेदनशीलता और आज की स्पष्ट राय रखने वाली लड़की के बीच संतुलन साधा। उन्होंने बताया कि सूरज बड़जात्या के अनुसार भावनाएं पंख की तरह नाजुक होती हैं और उनके साथ उसी संवेदनशीलता से पेश आना चाहिए। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, स्वानंद किरकिरे, गीता अग्रवाल शर्मा और सौम्या टंडन भी नजर आएंगे।