
Shekhar Suman Dig At Delhi-Dehradun Express Way: होस्ट और अभिनेता शेखर सुमन ने हाल ही में अपने शो शेखर टुनाइट में सड़कों में होने वाले गड्ढों को लेकर तंज कसा है। उन्होंने अपने तंज भरे अंदाज में हाल ही में 12000 करोड़ की लागत से बने दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे में हुए गड्ढे पर अपनी बात कही है। शेखर सुमन ने क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर जनता को बड़ी सौगात दी थी। हालांकि झमाझम बारिश होने की वजह से 12,000 करोड़ रुपये से बने इस हाईवे पर कुछ जगहों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए। इतना ही नहीं, इससे निकलने वाले वाहन हादसे का शिकार होने की खबरें सामने आईं। अब इस पूरे मामले को लेकर शेखर सुमन ने तंज कसा है।
शेखर सुमन ने तंज कसते हुए कहा, 'देखा जाए तो आजकल सड़कें बेहद ही बेरहम और बेशर्म हो गई हैं। बताइए 12000 करोड़ की लागत से बनीं और 12 घंटे की बारिश में गड्ढों के सहारे छोड़कर चली गईं। हालांकि आजकल सड़कों का उद्घाटन बड़ी ही धूमधाम से होता है। मुझे तो लगता है जैसे शादियों के कार्ड छपते हैं वैसै ही सड़कों की हर रस्म के भी कार्ड छपने चाहिए। मिट्टी भराई 12 तारीख को। हरी झंडी लहराई 15 तारीख को। और सड़कों की विदाई हुई 18 तारीख को।'
शेखर सुमन आगे कहते हैं, 'नितिन गडकरी जी का कहना है कि लोग एथेनॉल को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। गडकरी जी भ्रम तो गाड़ियों को भी हो गया है। उन्हें समझ ही नहीं आ रहा है कि एथेनॉल डालने के बाद चलना है, बंद होना है, झूमना है करना क्या है।'
शेखर सुमन के इस तंज पर कई लोगों ने कमेंट किए हैं। एक यूजर ने लिखा- मुझे तो लगा कि अब ये शो देखने को ही नहीं मिलेगा लेकिन जिसमें सच बोलने की हिम्मत है उसकी आवाज कहां कोई बंद कर सकता है। वहीं एक और यूजर ने लिखा- शेखर इस चैनल को कभी भी बंद नहीं करना है।