
Eetha CBFC Certificate Runtime: सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने श्रद्धा कपूर की अपमिंग फिल्म ‘ईथा’ (Eetha) को 27 नवंबर को यू/ए 16+ सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया है। CBFC के मुताबिक, फिल्म की कुल अवधि 172 मिनट 14 सेकंड यानी 2 घंटे, 52 मिनट और 14 सेकंड तय की गई है।
इस रनटाइम के साथ ‘ईथा’ श्रद्धा कपूर के 16 साल के करियर की सबसे लंबी फिल्म बन गई है। इसमें सबसे खास बात ये है कि ये प्रभास के साथ आई उनकी फिल्म ‘साहो’ (2019) से महज 22 सेकंड लंबी है, जिसकी अवधि 171 मिनट 52 सेकंड (2 घंटे, 51 मिनट और 52 सेकंड) थी।
थिएटर्स में पहुंचने से पहले ही ‘ईथा’ ने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। इसी हफ्ते की शुरुआत में फिल्म को ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ और ‘एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में जगह मिली।
ये रिकॉर्ड तब बना जब 517 महिलाओं ने फिल्म के पहले गाने ‘जी जी रे जी’ के लावणी हुक स्टेप्स को एक मिनट तक बिल्कुल तालमेल के साथ किया।
‘ईथा’ में श्रद्धा कपूर फेमस मराठी तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म पहले रक्षाबंधन के अवसर पर 28 अगस्त को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब ये 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी।
बता दें, लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी ये फिल्म ‘छावा’ (2025) के बाद उनकी अगली निर्देशित फिल्म है। मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के बैनर तले इसे दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मो. जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, इश्तियाक खान और अनंत जोशी भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
अवधि के लिहाज से ‘ईथा’ (2 घंटे 52 मिनट) सबसे ऊपर है। इसके बाद ‘साहो’ (2 घंटे 51 मिनट), ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ (2 घंटे 43 मिनट), ‘हैदर’ (2 घंटे 42 मिनट) और ‘तू झूठी मैं मक्कार’ (2 घंटे 39 मिनट) का नंबर आता है।