
Sonakshi Sinha Police Complaint: बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा की आपत्तिजनक मॉर्फ्ड फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में एक बड़ा मोड़ आ गया है। मुंबई की बांद्रा पुलिस ने इस केस में दिल्ली से जिस युवक को गिरफ्तार किया था, उसे मुंबई की एक अदालत ने रिहा करने का आदेश दे दिया है। बता दें, कोर्ट ने पाया कि पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से मुंबई लाते समय अनिवार्य कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया था।
दरअसल, सोशल मीडिया पर अपनी फर्जी और आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल होने के बाद सोनाक्षी सिन्हा ने बांद्रा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 14 नवंबर को सुबह करीब 10:11 बजे दिल्ली के शाहदरा इलाके में जगतपुरी पुलिस स्टेशन के पास से आर्यन दीपक जैन नाम के युवक को गिरफ्तार किया था।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, सुनवाई के दौरान बांद्रा मजिस्ट्रेट अदालत ने पाया कि पुलिस आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार करने के बाद सीधे मुंबई कोर्ट ले आई। नियमों के तहत, दूसरे राज्य से गिरफ्तारी होने पर आरोपी को पहले दिल्ली के किसी नजदीकी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाना अनिवार्य था, लेकिन पुलिस ने इस प्रक्रिया को नजरअंदाज किया।
मजिस्ट्रेट ने जांच अधिकारी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(1)(बी) के तहत निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन करना चाहिए था। इसके अंतर्गत गिरफ्तारी की जरूरत बताने वाले ठोस कारणों को लिखित में दर्ज करना होता है, लेकिन रिकॉर्ड से स्पष्ट है कि पुलिस ने इसका संतोषजनक पालन नहीं किया।
सुनवाई के दौरान आरोपी आर्यन दीपक जैन के वकीलों अमन शाही, प्रशांत त्रिवेदी और आदित्य जैन ने गिरफ्तारी की वैधता को चुनौती दी। वकीलों ने तर्क दिया कि उनके मुवक्किल ने कोई अपराध नहीं किया है और उस पर लगाई गई धाराएं लागू नहीं होतीं। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि शिकायतकर्ता के प्रभावशाली पद का असर पुलिस की कार्रवाई पर पड़ा हो सकता है।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और पुलिस की ओर से कानूनी प्रक्रिया में हुई लापरवाही को देखते हुए अदालत ने आरोपी आर्यन दीपक जैन को रिहा करने का आदेश जारी कर दिया।