
Sorab Bedi Trolling: ‘स्प्लिट्सविला 16’ फेम सोराब बेदी इन दिनों अपनी गर्लफ्रेंड डेलनाज दारूवाला के साथ रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। डेलनाज के साथ उनकी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर आर्काइव किए जाने के बाद कुछ यूजर्स ने उन्हें ट्रोल किया और ‘धोखेबाज’ तक कहा। अब सोराब ने इन आरोपों पर सफाई देते हुए न सिर्फ डेलनाज के साथ अपने रिश्ते की बात की, बल्कि दोनों के बीच उम्र के अंतर पर सवाल उठाने वालों को भी करारा जवाब दिया है। उन्होंने साफ कहा कि डेलनाज उन्हें बेहद खूबसूरत लगती हैं और वह चाहें तो उनसे शादी भी कर सकते हैं।
अपने इंस्टाग्राम ब्रॉडकास्ट चैनल पर सोराब ने डेलनाज के साथ उम्र के अंतर को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि डेलनाज उन्हें बेहद खूबसूरत और आकर्षक लगती हैं। सोराब के मुताबिक, उनके लिए डेलनाज की खूबसूरती और उनके प्रति भावनाएं मायने रखती हैं, न कि लोग उनके रिश्ते के बारे में क्या सोचते हैं।
सोराब ने कहा कि वो अकेले ऐसे शख्स नहीं हैं, जिन्हें अपने से बड़ी उम्र की महिलाएं पसंद आती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने डेलनाज से कहा है कि आज तक उन्हें उनसे ज्यादा खूबसूरत लड़की नहीं मिली।
सोराब ने अपने रिश्ते के भविष्य को लेकर भी बेबाकी से बात की। उन्होंने कहा कि अगर वह चाहें तो डेलनाज से शादी करके उन्हें अपने घर भी ले आएंगे। उनके मुताबिक, उनके माता-पिता और दोस्तों को भी किसी बड़ी उम्र की महिला से उनकी शादी करने पर कोई आपत्ति नहीं है। ऐसे में दूसरे लोगों को उनके रिश्ते पर सवाल उठाने की जरूरत क्यों है?
अपनी बात रखने के दौरान सोराब ने क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की शादी का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि कई मशहूर हस्तियों ने अपने से ज्यादा उम्र की महिलाओं से शादी की है। उनके मुताबिक, प्यार को उम्र के अंतर के आधार पर नहीं आंकना चाहिए।
डेलनाज के साथ अपनी तस्वीर को लेकर उठ रहे सवालों पर भी सोराब ने सफाई दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने तस्वीर को डिलीट नहीं किया था, बल्कि आर्काइव किया था। इसकी वजह डेलनाज को सोशल मीडिया पर मिल रही ट्रोलिंग थी।
सोराब ने कहा कि उन्हें खुद इस ट्रोलिंग से कोई फर्क नहीं पड़ता और वह चाहें तो तस्वीर को तुरंत दोबारा पोस्ट कर सकते हैं। उनके इस बयान से साफ है कि तस्वीर को आर्काइव करने का फैसला डेलनाज को ऑनलाइन आलोचना से बचाने के लिए लिया गया था।
सोराब बेदी ने निहारिका तिवारी के साथ अपने रिश्ते को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर भी जवाब दिया। उन्होंने साफ कहा कि दोनों कभी रोमांटिक रिलेशनशिप में नहीं थे, इसलिए धोखा देने के आरोपों का कोई आधार नहीं है।
सोराब के मुताबिक, निहारिका के साथ उनकी दोस्ती जरूर थी, लेकिन वे कभी एक-दूसरे को डेट नहीं कर रहे थे। उन्होंने बताया कि निहारिका के साथ गानों पर कोलैबोरेटिव रील्स बनाने के लिए उन्हें पैसे दिए गए थे, ठीक उसी तरह जैसे दूसरे इन्फ्लुएंसर्स को ऐसे काम के लिए भुगतान किया जाता है।