
Campus Murder Mystery Series: करण जौहर की चर्चित फ्रेंचाइजी 'Student of the Year' अब अपने नए अवतार 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' के साथ फैंस के सामने आ रही है। इस बार कैंपस रोमांस की जगह कहानी को एक डार्क मर्डर मिस्ट्री का रूप दिया गया है। दरअसल, ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर इस सीरीज की तुलना नेटफ्लिक्स के लोकप्रिय शो 'Class' से की जा रही है। अब सीरीज की निर्देशक रीमा माया ने इन तुलनाओं और नकल के आरोपों पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए साफ जवाब दिया है।
'टाइम्स' को दिए एक इंटरव्यू में रीमा माया ने असीम अहलूवालिया के निर्देशन में बने शो 'क्लास' की तारीफ की, लेकिन नकल के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने समझाया कि किसी भी खास जॉनर से कुछ तय उम्मीदें जुड़ी होती हैं। अगर युवाओं पर बेस्ड कोई मर्डर मिस्ट्री बनाई जाती है, तो उसमें हाई स्कूल, टीनेज किरदार, उनके आपसी रिश्ते और एक हत्या जैसी कड़ियां होना नॉर्मल है।
रीमा के अनुसार, किसी चीज की नकल करने और एक ही जॉनर का हिस्सा होने के बीच के फर्क को समझना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि 'Student of the Year After Dark' एक बिल्कुल ओरिजिनल कहानी है, जिसमें उन्होंने मर्डर मिस्ट्री और कॉलेज कॉम्पिटिशन के रोमांच को अपने अनोखे अंदाज में पेश किया है।
बता दें, रीमा माया के जरिए निर्देशित इस सीरीज में शनाया कपूर डबल रोल में नजर आ रही हैं। ट्रेलर के मुताबिक, शनाया अपनी जुड़वां बहन के कातिल का पता लगाने के लिए 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' की कड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेती हैं, जहां उन्हें मुकाबला करने के साथ-साथ कई गहरे धोखों का भी सामना करना पड़ता है। सीरीज में शनाया के अलावा अभिनव सिंह, दिविक शर्मा, मान्या ग्रोवर, दीया दमानी, आदि मलिक, शीबा चड्ढा और विवेक गोम्बर जैसे स्टार्स लीड रोल में हैं।
थ्रिलर और हॉरर फिल्में बनाने के लिए फेमस रीमा माया ने 'HT' को बताया कि जब उन्होंने करण जौहर को इस फ्रेंचाइजी को डार्क मोड़ देने का अपना विजन सुनाया, तो वे बेहद उत्साहित हो गए थे। करण जौहर ने बिना किसी विरोध के उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें अपने तरीके से काम करने की पूरी आजादी दी। रीमा ने इसे अपने लिए बेहद सम्मान की बात बताया कि करण ने अपने दिल के करीब इस फ्रेंचाइजी को नए सिरे से पेश करने का भरोसा उन पर जताया।
दरअसल, साल 2023 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई 'क्लास' स्पेनिश सीरीज Elite का भारतीय वर्जन थी, जिसमें असीम अहलूवालिया निर्देशित उस 8 एपिसोड की सीरीज में दिल्ली के 'हैम्पटन इंटरनेशनल स्कूल' के अमीर छात्रों और स्कॉलरशिप पर आए साधारण परिवार के 3 छात्रों के बीच के टकराव और क्राइम को दिखाया गया था। चूंकि दोनों ही शोज की पृष्ठभूमि एक एलिट स्कूल और रहस्यमयी हत्या के इर्द-गिर्द घूमती है, इसलिए दर्शक दोनों के बीच समानताएं तलाश रहे हैं।