
Govinda Infidelity Allegations: बॉलीवुड के 'हीरो नंबर वन' यानी गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते में खटास और तलाक की खबरों के बीच अब खुद सुनीता ने चुप्पी तोड़ी है। गोविंदा पर बेवफाई के आरोपों और अलग होने की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनीता ने साफ कर दिया है कि उनका 4 दशक पुराना रिश्ता टूटने वाला नहीं है। 'पिंकविला' को दिए एक इंटरव्यू में सुनीता ने कहा कि भले ही अभी वक्त उनके पक्ष में न हो, लेकिन इस जन्म में कोई भी उन्हें और गोविंदा को अलग नहीं कर सकता।
इंटरव्यू के दौरान जब सुनीता से पूछा गया कि क्या उनका परिवार फिर से एक साथ नजर आएगा, तो उन्होंने सकारात्मक अंदाज में जवाब दिया। सुनीता ने कहा कि फिलहाल समय उनके पक्ष में नहीं है, लेकिन 40 साल पुराना रिश्ता ऐसे नहीं टूटता। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोविंदा अपना काम कर रहे हैं और वो अपने काम पर पूरा ध्यान दे रही हैं। उन्होंने बाकी सब भगवान पर छोड़ दिया है और उन्हें पूरा भरोसा है कि सब कुछ पहले जैसा खुशहाल हो जाएगा।
इससे पहले रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' के दौरान सुनीता ने शादी में बेवफाई महसूस करने को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि गोविंदा एक बड़े स्टार हैं, इसलिए वो ज्यादा तनाव नहीं लेतीं, क्योंकि इससे उनकी डायबिटीज बढ़ सकती है। सुनीता का कहना था कि वह अपने बच्चों के लिए जीती हैं और अब उन्होंने ज्यादा सोचना छोड़ दिया है। उन्होंने प्राइवेसी का हवाला देते हुए बताया था कि उनके पास दो घर हैं और कई लोग मिलने आते हैं, इसलिए वह अपने हिस्से का सुकून चाहती हैं।
हालांकि, शो से बाहर आने के बाद सुनीता ने साफ किया कि शो के दौरान उनका नजरिया साफ हुआ है और परिवार के मामलों को परिवार तक ही सीमित रखना चाहिए। वह और गोविंदा पूरी तरह से साथ हैं। वहीं दूसरी तरफ, गोविंदा ने भी इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भगवान ने उन्हें एक मुश्किल दौर से गुजारा है, जिससे वे बाहर निकल आए हैं। गोविंदा ने कहा कि अगर सुनीता उनसे प्यार न करतीं, तो 40 सालों तक उनके साथ नहीं रहतीं। गोविंदा ने फिल्म इंडस्ट्री के काम के माहौल को एक 'अदृश्य लॉक-अप' बताया और उम्मीद जताई कि भविष्य में उनके रिश्ते में ऐसा दौर दोबारा नहीं आएगा।