
Surya Movie Controversy: अभिनेता सनी देओल की अपकमिंग फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' रिलीज से पहले कानूनी विवाद में घिर गई थी। फिल्म के ट्रेलर में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ हिंसा दिखाए जाने पर इसकी रिलीज रोकने की मांग करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर की गई थी। बता दें, कोर्ट ने इस मामले में दखल देने से इनकार कर दिया है। इससे फिल्म की थिएटर्स में रिलीज पर रोक लगाने की मांग को झटका लगा है।
दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग वाली जनहित याचिका पर विचार करने से इनकार करते हुए कहा कि उसे इस मामले में कोई आदेश जारी करने का आधार नहीं मिला। हालांकि, कोर्ट ने याचिकाकर्ता को अपनी शिकायत लेकर केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के पास जाने की छूट दी है।
याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील ने कोर्ट में दलील दी कि फिल्म के आधिकारिक ट्रेलर में डॉक्टरों और दूसरे स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ शारीरिक हिंसा दिखाई गई है। उनका कहना था कि डॉक्टरों की सुरक्षा एक बेहद संवेदनशील मुद्दा है।
वकील ने ये भी कहा कि देश में चिकित्सा पेशेवरों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे समय में फिल्म के ट्रेलर में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ हिंसा दिखाना चिंता का विषय है। हालांकि, कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया और याचिकाकर्ता को अपनी शिकायत CBFC के सामने रखने का ऑप्शन दिया।