
CBFC Certification Surya: बॉलीवुड एक्टर सनी देओल की अपकमिंग फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। तय कार्यक्रम के अनुसार यह फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज नहीं होगी। सेंसर बोर्ड (CBFC) से सर्टिफिकेशन मिलने में हो रही देरी और मेडिकल बिरादरी के विरोध के बीच मेकर्स ने इसकी रिलीज को टालने का फैसला किया है। इस मामले में अदालत में सुनवाई के दौरान सीबीएफसी ने स्पष्ट किया कि फिल्म का सर्टिफिकेशन आवेदन अभी भी विचाराधीन है।
फिल्म 'सूर्या' को लेकर कानूनी पेंच भी फंस गए हैं। दिल्ली हाई कोर्ट में फिल्म के खिलाफ जनहित याचिका दायर की गई थी, जिसमें फिल्म में डॉक्टरों के कथित रूप से नकारात्मक चित्रण और मेडिकल प्रोफेशनल्स के खिलाफ हिंसा के महिमामंडन का आरोप लगाया गया था। हालांकि हाई कोर्ट ने इसी मुद्दे पर एक अन्य अलग याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया क्योंकि समान मामले पर पहले से ही सिंगल-जज बेंच के समक्ष सुनवाई लंबित है।
सुनवाई के दौरान CBFC के वकील ने अदालत को आधिकारिक तौर पर जानकारी दी कि फिल्म को अभी तक सर्टिफिकेशन नहीं मिला है और इसका आवेदन अभी प्रक्रिया में है। सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिलने में हो रही इसी देरी के चलते मेकर्स ने 20 नवंबर की रिलीज को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
फिल्म के प्रस्तुतकर्ता कमल मुकुट और मेकर्स ने साफ किया है कि वे अपनी फिल्म की क्रिएटिव अखंडता और मूल विजन के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहते। उनका कहना है कि कुछ सेकंड के टीजर या प्रमोशनल फुटेज को देखकर लोग फिल्म की पूरी कहानी या उसके संदेश को लेकर गलत नैरेटिव गढ़ रहे हैं, जबकि उन्होंने पूरी फिल्म देखी तक नहीं है।
मेकर्स ने स्पष्ट किया कि 'सूर्या' का उद्देश्य किसी भी ईमानदार डॉक्टर की छवि को ठेस पहुंचाना नहीं है, बल्कि यह कहानी भ्रष्टाचार, शोषण और कुछ खास असामाजिक गतिविधियों पर केंद्रित है। यह फिल्म चर्चित दक्षिण भारतीय सुपरहिट फिल्म 'जोसेफ' का हिंदी रीमेक है। सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही निर्माता नई रिलीज डेट का ऐलान करेंगे।