मनोरंजन

करण जौहर से पहले तबस्सुम ने बदला था टॉक शो का अंदाज, अमिताभ से लेकर आरडी बर्मन तक बने थे मेहमान

Tabassum Phool Khile Hain Gulshan Gulshan: करण जौहर के टॉक शो 'कॉफी विद करण' से कई सालों पहले एक्ट्रेस तबस्सुम ने दूरदर्शन पर 'फूल खिले हैं गुलशन-गुलशन' से सेलिब्रिटी टॉक शो की शुरुआत की थी, जिससे प्रेरणा लेकर आज के दौर में चल रहे हैं कई पॉडकास्ट और टॉक शोज।
4 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 7:37 AM IST
Tabassum Phool Khile Hain Gulshan Gulshan
तबस्सुम के टॉक शो ने राखी थी सेलिब्रिटी टॉक शो की नींव। (फोटो सोर्स: IMDb)

Tabassum Phool Khile Hain Gulshan Gulshan: सोशल मीडिया हो या टीवी चैनल आजकल पॉडकास्ट, इंटरव्यू पर आधारित टॉक शोज का ट्रेंड चल रहा है। इस तरह के सेलिब्रिटी टॉक शोज में 'कॉफी विद करण', 'शेखर टुनाइट' और 'रोंदेवू विद सिमी ग्रेवाल', जैसे शोज का नाम सबसे पहले आता है। ये कुछ ऐसे शोज हैं जहां सेलेब्स अपनी पर्सनल लाइफ, जिंदगी और करियर के अनसुने किस्सों और रिश्तों पर खुलकर बात करते हैं। मगर क्या आपको पता है कि इन शोज के आने से कई दशकों पहले इंडियन टीवी चैनल दूरदर्शन पर इस तरह का एक टॉक शो प्रसारित होता था 'फूल खिले हैं गुलशन गुलशन'। इस शो को पॉडकास्ट और सेलिब्रिटी टॉक शो की नींव भी कहा जाता है। और इसका पूरा क्रेडिट जाता है उस दौर की जानी-मानी अदाकारा और टीवी होस्ट तबस्सुम को।

54 साल पहले शुरू हुआ भारतीय टेलीविजन पर 'फूल खिले हैं गुलशन-गुलशन'

इस शो में दर्शकों को उनके पसंदीदा कलाकारों से रूबरू करवाया जाता था। फिर चाहे वो संगीत की दुनिया के सितारे हों या अभिनय जगत के कलाकार। बता दें कि तबस्सुम द्वारा होस्ट किये जाने वाला ये शो 8 अक्टूबर 1972 में शुरू हुआ था और 1993 तक लगातार 21 सालों तक इसका प्रसारण हुआ था। इस टॉक शो में तबस्सुम ने अपने अंदाज और उर्दू लहजे में फिल्मी सितारों से बातचीत की और उनकी जिंदगी के अनछुए पहलुओं पर बात की। तबस्सुम ये शो तब लेकर आयीं जब भारतीय टेलीविजन अपने शुरुआती दौर में था और लोगों के पास देखने के लिए चुनिंदा कार्यक्रम ही हुआ करते थे, यही वजह थी कि ये शो दर्शकों के लिए अपने पसंदीदा सितारों को जानने का एक जरिया बन गया और इसने अपनी एक अलग जगह बनाई।

बेगम अख्तर के एक शेर 'फूल खिले हैं गुलशन गुलशन' से प्रेरित था शो का नाम

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस शो का नाम भी तबस्सुम ने ही चुना था। दरअसल, दूरदर्शन वालों ने इसके लिए 'गुलदस्ता' नामा का सुझाव दिया था लेकिन तबस्सुम को यह नाम पसंद नहीं आया। हिंदुस्तान टाइम्स की एक खबर के मुताबिक, तबस्सुम ने बेगम अख्तर की एक गजल के शेर 'फूल खिले हैं गुलशन गुलशन' से प्रेरित होकर इसका नाम रखा।

शो में खास था तबस्सुम का अंदाज

ये शो न केवल फिल्मीं सितारों के इंटरव्यू के लिए पॉपुलर हुआ, बल्कि तबस्सुम के चेहरे की मुस्कान, बालों में गुलाब का फूल, खूबसूरत साड़ी और बातचीत के दिलचस्प अंदाज उसकी पहचान बन गई थी। शो के गेस्ट से वो इस तरह सवाल करती थीं कि बातचीत औपचारिक इंटरव्यू के बजाय दो परिचित लोगों के बीच की मुलाकात लगती थी। इस कार्यक्रम की खासियत थी कि इसमें सिर्फ स्टार्स के फिल्मीं सफर पर ही बात नहीं होती थी, बल्कि उनकी जिंदगी से जुड़े दिलचस्प किस्सों और अनुभवों पर भी चर्चा होती थी। साथ ही साथ बातचीत के दौरान कलाकारों की फिल्मों के सीन भी दिखाए जाते थे, जो आजकल के शोज में आम हो गया है।

अमिताभ बच्चन से लेकर आरडी बर्मन तक जाने-माने चेहरे बने मेहमान

'फूल खिले हैं गुलशन-गुलशन' की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हिंदी सिनेमा के कई दिग्गज कलाकार इस कार्यक्रम का हिस्सा बने। अमिताभ बच्चन, नूतन, तनुजा, शत्रुघ्न सिन्हा, सोहराब मोदी, दुर्गा खोटे, प्रेमनाथ और शक्ति कपूर जैसे सितारे शो में नजर आए। वहीं, संगीत की दुनिया से आरडी बर्मन और नौशाद जैसी हस्तियों ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत की। बता दें कि संगीतकार नौशाद इस शो के सबसे पहले मेहमान थे।

बड़े-बड़े सेलिब्रिटी शो का हिस्सा बनना चाहते थे

स्क्रॉल के अनुसार, जब ये शो शुरू हुआ था तब, ज्यादातर कलाकार टेलीविजन पर इंटरव्यू देने को लेकर बहुत उत्साहित नहीं रहते थे। मगर जैसे-जैसे शो पॉपुलर हुआ, सबकुछ बदल गया और एक समय ऐसा भी आया जब बड़े-बड़े जाने-माने कलाकार दूरदर्शन के ऑफिस के बाहर कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते थे। खुद तबस्सुम ने एक इंटरव्यू में बताया था कि शुरुआत में कुछ कलाकार शो में आने से हिचकिचाते थे, लेकिन जैसे-जैसे उनका ये शो लोगों के बीच पॉपुलर होने लगा तो बड़े सितारे भी इसमें शामिल होने के लिए उत्सुक रहने लगे थे।

आपको बता दें ये वो दौर था जब न ही सोशल मीडिया था और न ही आज की तरह हर दिन सितारों के इंटरव्यू देखने के अलग-अलग प्लेटफॉर्म के ऑप्शंस थे। ऐसे में तबस्सुम का ये शो दर्शकों के लिए अपने पसंदीदा कलाकारों को करीब से जानने का एक जरिया बन गया था।

तबस्सुम ने जब कमाल अमरोही से मीना कुमारी को लेकर पूछे सवाल

फिल्ममेकर कमाल अमरोही के साथ उनका एक चर्चित इंटरव्यू इसका उदाहरण है। तबस्सुम ने उनसे मीना कुमारी के साथ उनके रिश्ते को लेकर सवाल किया था। कमाल अमरोही पहले ही कह चुके थे कि वह मीना कुमारी के अभिनय पर बात कर सकते हैं, लेकिन निजी रिश्ते पर नहीं। इसके बावजूद लाइव बातचीत में तबस्सुम ने उनसे पूछा कि मीना कुमारी एक पत्नी के रूप में कैसी थीं। इस पर कमाल अमरोही ने जवाब दिया था कि कोई महिला अच्छी पत्नी हो सकती है या अच्छी अभिनेत्री, दोनों एक साथ नहीं।

करण जौहर भी मान चुके हैं तबस्सुम से मिली प्रेरणा

तबस्सुम के फूल खिले हैं गुलशन-गुलशन ने इंडियन टेलीविजन पर सेलिब्रिटी टॉक शो के लिए एक रास्ता खोला और जिसपर चलकर कई दूसरे होस्ट और कार्यक्रमों ने अपनी खास जगह और पहचान बनाई। इसका सबसे बड़ा उदहारण बॉलीवुड एक्ट्रेस सिमी ग्रेवाल का टॉक शो 'रोंदेवू विद सिमी ग्रेवाल' और करण जौहर का 'कॉफी विद करण'। द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, करण जौहर ने एक बार कहा था कि उनका शो 'कॉफी विद करण' तबस्सुम के प्रोग्राम से प्रेरित था। इसके साथ ही करण जौहर ने ये भी कहा था कि वह बड़े होकर तबस्सुम बनना चाहते थे।

आज सेलिब्रिटी टॉक शो का फॉर्मेट बदल चुका है। सवालों का अंदाज बदल गया है और सोशल मीडिया ने सितारों तक पहुंचना आसान कर दिया है। लेकिन जिस दौर में टीवी पर एक ही चैनल हुआ करता था, उस दौर में तबस्सुम ने अपने अंदाज और बातचीत की कला से दर्शकों के दिलों में जो जगह बनाई, वह भारतीय मनोरंजन जगत की एक खास विरासत है।

Updated on:
19 Nov 2026, 7:37 AM IST
Published on: