वर्सोवा के नाना-नानी पार्क में पेड़ काटने को लेकर चल रहा विवाद 'मुंबई कोस्टल रोड नॉर्थ प्रोजेक्ट' से जुड़ा है। इस प्रोजेक्ट का मकसद वर्सोवा और भयंदर के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है, ताकि यात्रा का समय कम हो सके और मुंबई के पश्चिमी उपनगरों में ट्रैफिक की भीड़ को घटाया जा सके। 'पैकेज A' (जिसमें वर्सोवा से बांगुर नगर तक का हिस्सा आता है) के तहत, BMC की योजना पार्क के अंदर खंभों के सहारे एक एलिवेटेड रोड बनाने की है। बता दें कि 'द इंडियन एक्सप्रेस' के अनुसार, वर्सोवा प्रोजेक्ट वाले इलाके में 184 पेड़ों को काटने और 164 पेड़ों को दूसरी जगह लगाने का प्रस्ताव था, जिनमें से लगभग 80 पेड़ नाना-नानी पार्क के अंदर हैं। अगस्त 2025 में स्थानीय निवासियों के विरोध के बाद पार्क को खाली करने की मूल योजना में बदलाव किया गया था, लेकिन नए रूट (अलाइनमेंट) की भी आलोचना हो रही है। स्थानीय निवासियों और पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने हरियाली खत्म होने, पार्क के वॉकिंग ट्रैक और सार्वजनिक जगहों पर पड़ने वाले असर को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने पेड़ों के नुकसान को कम करने के लिए कुछ वैकल्पिक रास्तों का सुझाव भी दिया है।