
Rise and Fall 2: टीवी के फेमस रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' (Rise and Fall 2) के ग्रैंड फिनाले में बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता और फायरब्रांड नेता शहजाद पूनावाला ने शानदार जीत हासिल करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। बता दें, शुक्रवार, 6 नवंबर को स्ट्रीम हुए इस रोमांचक फिनाले में शहजाद ने प्रियंका चाहर चौधरी को शिकस्त दी। इस सीजन में गौतम गुलाटी ने तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि स्वरा भास्कर चौथे और करण पटेल 5वें स्थान पर रहे। विजेता बनने के बाद जहां एक तरफ शहजाद को बधाइयां मिल रही हैं, वहीं दूसरी तरफ शो के परिणामों और सोशल मीडिया प्रतिक्रियाओं को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है।
विवाद तब शुरू हुआ जब तेज प्रताप यादव ने गौतम गुलाटी को 'राइज एंड फॉल 2' का अधिक हकदार (डिजर्विंग) बताया और शहजाद की जीत पर सवाल खड़े किए। इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए तहसीन पूनावाला ने तेज प्रताप यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को बिहार की जनता ने पूरी तरह से खारिज कर दिया हो और जो अपने परिवार का नहीं हो सका, वो इस तरह की बातें कर रहा है। तहसीन शहजाद ने कटाक्ष करते हुए कहा कि शहजाद पैदाइशी नेपोटिज्म का हिस्सा नहीं हैं और तेज प्रताप नेपोटिज्म का हिस्सा है, जो राजनीति में भी फ्लॉप रहे और इस रियलिटी शो में भी फ्लॉप साबित हुए।
तहसीन पूनावाला की बातचीत के दौरान जब ये जिक्र किया गया कि तेज प्रताप यादव ने गौतम गुलाटी के समर्थन में ट्वीट किया था और बाद में उसे डिलीट कर दिया, तो तहसीन पूनावाला ने इसे उनकी कमजोरी बताया। उन्होंने कहा कि जो इंसान अपने मुंह से कही बात पर कायम नहीं रह सकता और ट्वीट डिलीट कर देता है, उसे कोई भी सीरियसली क्यों लेगा?
बता दें कि 'राइज एंड फॉल 2' का यह सीजन अपने कड़े मुकाबलों, ड्रामे और सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स के बीच आपसी तनातनी के कारण शुरू से ही चर्चा में रहा है। फिनाले के कड़े संघर्ष में शहजाद पूनावाला ने न सिर्फ चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, बल्कि 35 लाख रुपये का भारी-भरकम कैश प्राइज भी अपने नाम किया। शो खत्म होने के बाद अब बाहर की राजनीतिक और सोशल मीडिया की दुनिया में भी इसके छींटे उड़ने लगे हैं, जिससे यह मामला और तूल पकड़ता जा रहा है।