
Ranveer Singh CINTAA: सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) के अंदर चल रहा विवाद अब और गहरा होता नजर आ रहा है। एक्टर और CINTAA की जनरल सेक्रेटरी उपासना सिंह ने आरोप लगाया है कि डॉन 3 से जुड़े विवाद के दौरान रणवीर सिंह के समर्थन में बोलने के बाद उनसे सवाल किए गए और उन्हें शो-कॉज नोटिस भी दिया गया। उपासना का कहना है कि रणवीर CINTAA के सदस्य हैं और ऐसे में मुश्किल वक्त में अपने साथी सदस्य का समर्थन करना उनकी जिम्मेदारी थी।
IANS के साथ बातचीत में उपासना सिंह ने CINTAA के भीतर फैसले लेने के तरीके और संगठन के कामकाज को लेकर भी कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने रणवीर के पक्ष में कुछ भी गलत नहीं कहा था और मीडिया में उनके बयान आने के बाद इंडस्ट्री से उन्हें समर्थन भी मिला था।
उपासना ने कहा कि मीडिया में उनकी पहचान CINTAA की जनरल काउंसिल सदस्य के तौर पर पहले से थी। उनका कहना है कि रणवीर सिंह CINTAA के सदस्य हैं और जनरल सेक्रेटरी के तौर पर किसी भी ऐसे सदस्य का साथ देना उनकी जिम्मेदारी है, जो किसी विवाद या मुश्किल में हो।
उपासना के मुताबिक, उन्होंने रणवीर को ‘धुरंधर’ बताया था और कहा था कि उन्होंने इंडस्ट्री को पटरी पर लाने और उसे फिर से सक्रिय करने में मदद की है। उनके अनुसार, इस बयान को मीडिया में काफी जगह मिली और इंडस्ट्री के कुछ लोगों ने रणवीर का समर्थन करने के लिए उनकी तारीफ भी की।
उपासना का आरोप है कि उनके रणवीर के समर्थन में सामने आने को लेकर पूनम ढिल्लन ने उनसे सवाल किया। उन्होंने बताया कि उनसे पूछा गया कि वह वहां कैसे पहुंचीं और ऐसा कैसे कर सकती हैं। उपासना के मुताबिक, इसके बाद उन्हें शो-कॉज नोटिस दिया गया।
उनका सवाल है कि अगर रणवीर CINTAA के सदस्य हैं और उन्होंने एक सदस्य के समर्थन में अपनी बात रखी, तो इसके लिए उन्हें सफाई क्यों देनी पड़ी।
इंटरव्यू के दौरान उपासना ने CINTAA के अंदरूनी कामकाज को लेकर भी अपनी आपत्ति जाहिर की। उन्होंने संगठन के सीनियर जॉइंट सेक्रेटरी हेमंत पांडे का जिक्र करते हुए दावा किया कि एक मीटिंग के बाद अचानक मिस्टर पेंटल को नया जॉइंट सेक्रेटरी घोषित कर दिया।
उपासना ने सवाल उठाया कि इस तरह के फैसले लेने से पहले एसोसिएशन की एजीएम क्यों नहीं बुलाई गई और सदस्यों से उनकी राय क्यों नहीं ली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन के सदस्यों की एफडी तोड़कर रकम करंट अकाउंट में डाल दी गई। उपासना ने इसे गंभीर मामला बताते हुए संगठन के कामकाज पर सवाल खड़े किए हैं।
रणवीर सिंह से जुड़ा यह विवाद डॉन 3 से उनके बाहर होने के बाद शुरू हुआ था। जून में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने रणवीर के खिलाफ जारी नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव वापस ले लिया था।
फिल्म से उनके बाहर होने के बाद प्रोड्यूसर-डायरेक्टर फरहान अख्तर और एक्सेल एंटरटेनमेंट की ओर से कथित तौर पर नुकसान की बात सामने आई थी। इसके बाद रणवीर सिंह ने लीगल नोटिस भी जारी किया था। मामले में CINTAA समेत इंडस्ट्री की कई संस्थाएं शामिल हुई थीं। इसी दौरान FWICE की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपासना सिंह की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठे थे। पूनम ढिल्लन ने कथित तौर पर कहा था कि CINTAA को उनके वहां शामिल होने की जानकारी नहीं दी गई थी और अगर वह एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व कर रही थीं, तो उन्हें इसके लिए ऑथराइजेशन की जरूरत थी।