मनोरंजन

पुरानी क्रश को पाने के लिए किया जादुई विश, फिर प्यार बना डरावना जुनून! वरुण-कृति लेकर आए ‘Obsession’, फैंस ने दी प्रतिक्रिया

Obsession Hindi Version: वरुण धवन और कृति सेनन ने हॉरर फिल्म 'ऑब्सेशन' के हिंदी वर्जन के लिए आवाज दी है। प्रमोशनल वीडियो पर कुछ फैंस ने तारीफ की, तो कुछ ने इसे 'सस्ती कॉपी' कहा।
2 min read
• •
Updated: 29 Oct 2026, 2:36 PM IST
Obsession promotional video
वरुण धवन और कृति सेनन के देसी अंदाज में 'ऑब्सेशन' (सोर्स: x-@PawanGoswami011)

Obsession Promotional Video: हॉलीवुड की हॉरर फिल्म 'Obsession' अब वरुण धवन और कृति सेनन के देसी अंदाज में भी चर्चा बटोर रही है। फिल्म के प्रमोशनल वीडियो में दोनों कलाकारों ने अपने खास अंदाज से कहानी को पेश किया है। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं। जहां कुछ लोगों को वरुण और कृति की एक्टिंग पसंद आई, वहीं कुछ यूजर्स ने इसे 'सस्ती कॉपी' तक कह दिया।

पुरानी क्रश के प्यार में पड़ा युवक, फिर शुरू हुआ खौफनाक खेल

इंडे नवरेट और माइकल जॉनस्टन की मुख्य भूमिकाओं वाली 'Obsession' की कहानी बेयर नाम के एक शर्मीले युवक के इर्द-गिर्द घूमती है। वह अपनी पुरानी क्रश निक्की को अपने प्यार में डालना चाहता है। इसके लिए वह 'वन विश विलो' नाम की एक रहस्यमयी चीज का इस्तेमाल करता है।

लेकिन उसकी इच्छा पूरी होने के बाद कहानी डरावना मोड़ ले लेती है। निक्की बेयर के लिए खतरनाक हद तक जुनूनी हो जाती है और इसके बाद कई भयावह घटनाएं शुरू हो जाती हैं। फिल्म प्यार, जुनून और उसके खतरनाक नतीजों की कहानी दिखाती है।

वरुण धवन और कृति सेनन ने दी हिंदी आवाज

फिल्म के हिंदी वर्जन में कृति सेनन ने निक्की और वरुण धवन ने बेयर के किरदार को अपनी आवाज दी है। दोनों कलाकार 2022 की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भेड़िया' में साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि डबिंग के दौरान उन्हें फिल्म और उसके किरदारों को एक अलग नजरिए से समझने का मौका मिला।

वरुण धवन, कृति सेनन और निर्देशक अमर कौशिक ने फिल्म के प्रमोशनल वीडियो में अपना देसी अंदाज भी जोड़ा है। इसका अनकट ओरिजिनल वर्जन जियोहॉटस्टार के 'द पीकॉक हब' पर 30 अक्टूबर को शाम 7 बजे से अंग्रेजी और हिंदी में उपलब्ध होगा।

'ऑब्सेशन' के प्रमोशनल वीडियो पर फैंस की मिली-जुली प्रतिक्रिया

वरुण और कृति के इस अंदाज पर सोशल मीडिया यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। एक यूजर ने तारीफ करते हुए लिखा, "वाह! बिल्कुल सटीक एक्टिंग। बहुत बढ़िया!"

वहीं, दूसरे यूजर ने इसे 'सस्ती कॉपी' बताते हुए लिखा कि यह भी अच्छी लग रही है। एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, "अगर कॉपी करना एक कला है, तो बॉलीवुड उसका कलाकार है।" इस तरह फिल्म के प्रमोशनल वीडियो को लेकर जहां कुछ लोगों ने कलाकारों की तारीफ की, वहीं कुछ ने इसकी तुलना और अंदाज पर सवाल भी उठाए।

Updated on:
29 Oct 2026, 2:36 PM IST
Published on: