US-Israel-Iran वार के बीच दुबई लौटकर बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय काफी इमोशनल हुए। उन्होंने इस तनावपूर्ण समय में शांति पर जोर दिया और UAE सरकार के बारें में कई बातें भी बताई।
US-Israel-Iran War: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय अपने परिवार के पास दुबई सुरक्षित पहुंच चुके हैं और दुबई पहुंचते ही उन्होंने UAE सरकार का धन्यवाद किया और कहा कि इस मुश्किल समय में वहां का नेतृत्व और प्रशासन लोगों को सुरक्षित महसूस कराने में कामयाब है।
विवेक ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि यूएई उनके लिए सिर्फ जगह नहीं, बल्कि एक घर जैसा है। मिडिल ईस्ट के हालात खराब होने के कारण परिवार से दूर रहना उनके लिए बहुत मुश्किल था। विवेक ओबेरॉय आगे बताया, "यूएई में 200 से ज्यादा देशों के लोग रहते हैं और हम सबके लिए ये घर जैसा है। जब हालात तनावपूर्ण हुए, उस समय मैं अपने परिवार से दूर था और उस दूर का अनुभव और भी गहरा हो गया।"
इतना ही नहीं, फ्लाइट में रहते हुए उन्होंने देखा कि हर यात्री की आंखों में अपनी-अपनी कहानी थी। उनके दिल में सिर्फ अपने बच्चों की चिंता थी और उनकी धड़कन तेज हो रही थी। ऐसे में एक्टर ने विश्वास जताया कि यूएई का मजबूत और शांतिपूर्ण नेतृत्व दुनिया के लिए एक उदाहरण है। साथ ही, एक्टर ने सभी भारतीयों की ओर से यूएई सरकार, फ्रंटलाइन वर्कर्स और Emirates एयरलाइन का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, "आप लोगों ने हमें सुरक्षित रखा और हमेशा हमारे साथ खड़े रहे। ऐसी समय में आपकी सहायता के लिए हम बेहद आभारी हैं।"
बता दें, विवेक ओबेरॉय कुछ साल पहले ही दुबई शिफ्ट हुए हैं और वहां उन्होंने डायमंड मर्चेंट के तौर पर भी काम शुरू किया है। उन्होंने भारत और यूएई के रिश्तों को स्टील के पुल के समान मजबूत बताया है और मिडिल ईस्ट के संघर्ष से जूझ रहे लोगों के लिए दुआ की है। विवेक का कहना है कि वापस लौटकर उन्हें बहुत राहत महसूस हो रही है और वे अपने परिवार के साथ समय बिताने की वजह से काफी खुश हैं।