
Ramayana Part One Release Date: ‘रामायण’ के बेंगलुरु ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अभिनेता यश ने अपनी पत्नी राधिका पंडित के साथ रिश्ते को लेकर दिल छू लेने वाली बात कही। फिल्म में रावण का किरदार निभाने जा रहे यश ने बताया कि एक कलाकार के लिए घर से मिलने वाला सपोर्ट कितना मायने रखता है। मजाकिया अंदाज में उन्होंने खुद को ‘राधिकापति’ बताया और कहा कि राधिका उनकी जिंदगी में बड़ी ताकत हैं। इस दौरान राधिका भी इवेंट में मौजूद थीं।
इवेंट में यश ने अपनी पत्नी राधिका पंडित का जिक्र करते हुए कहा कि चाहे उनका किरदार रावण का हो, राया का, रॉकी का या राजा हुली का, घर लौटने पर वह राधिका के पति ही हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में ‘सीतापति’ शब्द का उदाहरण देते हुए खुद को ‘राधिकापति’ कहा।
यश ने कहा, "आजकल हम महिलाओं के नाम के आगे अपना सरनेम लगाते हैं, लेकिन उस दौर में यह उल्टा था- सीतापति! है ना? ठीक उसी तरह, हम राधिकापति हैं!" उनकी इस बात ने इवेंट में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। यश ने अपने बयान के जरिए यह भी बताया कि उनकी निजी जिंदगी में राधिका की भूमिका कितनी अहम है।
यश ने यह भी कहा कि जब कोई कलाकार लीक से हटकर किरदार चुनता है या नए प्रयोग करता है, तो उसे परिवार का साथ मिलना बेहद जरूरी होता है। उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म ‘रामायण’ में रावण का किरदार निभाने के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि घर से ताकत और समर्थन न मिले, तो ऐसे फैसले लेना मुश्किल हो सकता है।
यश ने कहा, "आप चाहे कहीं भी जाएं, अगर आपको घर से वह ताकत या सपोर्ट नहीं मिलता, तो हमारे अजीबोगरीब आइडिया और प्रयोगों के बीच, अब देखिए, इन सबके बाद, मैं रावण का किरदार निभाने जा रहा हूं!" अभिनेता की बातों से साफ था कि वह अपने करियर के फैसलों में राधिका के समर्थन को काफी अहम मानते हैं।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ भारतीय महाकाव्य पर आधारित दो भागों वाली फिल्म है। इसे नमित मल्होत्रा और यश ने मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी, जबकि यश रावण का किरदार निभाएंगे। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। वहीं, दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा।