एटा

Inside Story: ‘पापा और बाबा ने मम्मी और नानी को मार डाला’, डबल मर्डर केस में बड़ी बेटी बोली; क्या बोला आरोपी का भाई?

Inside Story Etah Double Murder Case: उत्तर प्रदेश के एटा के अवागढ़ में पति ने अपने पिता के साथ मिलकर पत्नी और सास की हत्या कर दी। बच्चों के सामने हुई इस वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पढ़िए इनसाइड स्टोरी।
3 min read
• •
Updated: 23 Sep 2026, 12:17 PM IST
gorakhpur chauri chaura teenager murder friend train death inside story
प्रतीकात्मक तस्वीर। सोर्स-Ai

Inside Story Etah Double Murder Case:उत्तर प्रदेशके एटा में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अवागढ़ थाना क्षेत्र के यादव नगर मोहल्ले में एक व्यक्ति ने अपने पिता के साथ मिलकर सोते समय पत्नी और सास पर हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने हथौड़े और लोहे के हथियार से उनके सिर और चेहरे पर वार किए, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात के समय घर में मौजूद बच्चों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों के बयान दर्ज किए।

सोते समय किया हमला, बच्चों के सामने हुई वारदात

पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार रात करीब साढ़े 12 बजे की है। मृतकों की पहचान कमला देवी (65) पत्नी-राम खिलाड़ी और उनकी बेटी प्रियंका (40) पत्नी- रुकुम पाल के रूप में हुई है। परिवार के बच्चों के अनुसार, रात में प्रियंका और कमला देवी घर के गेट के पास चारपाई पर सो रही थीं। परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक शोर सुनाई दिया। बच्चे बाहर आए तो उन्होंने कथित तौर पर अपने पिता और बाबा को दोनों महिलाओं पर हमला करते देखा। बच्चों ने पुलिस को बताया कि पापा और बाबा ने हमारे सामने ही मम्मी और नानी को मार दिया।

छोटी बेटी बेहोश हुई, बेटा 3 किलोमीटर दूर थाने पहुंचा

घटना को देखकर बच्चे बुरी तरह डर गए। आरोपी रुकुम पाल की बेटी कल्पना ने पुलिस को बताया कि हमले के दौरान उसकी छोटी बहन डर के कारण बेहोश होकर गिर गई थी। वह उसे संभालने लगी। इसी बीच दोनों आरोपी मौके से भाग गए। परिवार का 13 वर्षीय बेटा राहुल घर से निकलकर करीब 3 किलोमीटर दूर थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम घर पहुंची। डबल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद बच्चों से घटना के संबंध में जानकारी ली।

सुबह पति-पत्नी में हुआ था विवाद

बेटी कल्पना के मुताबिक, सोमवार सुबह भी उसके माता-पिता के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद उसके पिता किसी काम से शहर चले गए थे। रात में घर लौटने के बाद दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। रात में प्रियंका और कमला देवी घर के गेट के पास सोने चली गईं। कुछ देर बाद बच्चों ने शोर सुना और बाहर जाकर देखा तो दोनों महिलाओं पर हमला किया जा रहा था। पुलिस फिलहाल घरेलू विवाद के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पांच साल से ससुराल में रह रहा था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रुकुमपाल (43) मूल रूप से फिरोजाबाद के थाती गदनपुर का रहने वाला है। वह छह भाइयों में चौथे नंबर पर है। रुकुमपाल पिछले करीब 5 साल से अपनी पत्नी, 2 बेटों और 2 बेटियों के साथ अपनी ससुराल के यादव नगर मोहल्ले में रह रहा था। वह सास कमला देवी के साथ रहकर खेती-बाड़ी का काम संभालता था और इसी से परिवार का खर्च चलाता था। परिवार में उसकी पत्नी प्रियंका के अलावा चार बच्चे हिमांशु (22), कल्पना (18), राहुल (13) और सपना (10) हैं।

मां की इकलौती बेटी थी प्रियंका

कल्पना ने बताया कि उसकी मां प्रियंका अपनी मां कमला देवी की इकलौती बेटी थीं। नाना की काफी समय पहले मौत हो चुकी थी। इसी वजह से प्रियंका अपने परिवार के साथ अपनी मां के घर में रह रही थीं। परिवार का बड़ा बेटा शहर में काम करता है, जबकि बाकी बच्चे घर पर रहते थे।

आरोपी के भाई ने बताया- पत्नी के चरित्र पर करता था शक

वारदात की सूचना मिलने के बाद रुकुमपाल का बड़ा भाई प्रेमपाल फिरोजाबाद से एटा पहुंचा। उसने पुलिस और परिवार के लोगों को बताया कि रुकुमपाल का पत्नी प्रियंका के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्रेमपाल के मुताबिक, रुकुमपाल को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। उसने बताया कि उनके पिता परिवार के साथ ही रहते हैं और करीब 2 दिन पहले ही रुकुमपाल के पास आए थे। पुलिस अब आरोपी के भाई के बयान समेत परिवार के अन्य सदस्यों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

SSP समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे

डबल मर्डर की सूचना मिलने के बाद SSP डॉ. इलामारन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद बच्चों से घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

ASP बोले- आपसी विवाद की बात सामने आई

ASP श्वेताभ पांडे ने बताया कि मां और बेटी की हत्या का मामला सामने आया है। शुरुआती जांच में आपसी विवाद की बात सामने आई है। बच्चों ने पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।