Etah loot case Congress BJP Controversy:एटा में महिला से लूट के प्रयास का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने “मिशन शक्ति कागजों पर” लिखकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। वहीं भाजपा-कांग्रेस में सियासी तकरार बढ़ी, जबकि पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Etah loot case:उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक महिला द्वारा दो बाइक सवार लुटेरों का बहादुरी से सामना करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। इस घटना को लेकर अब राजनीतिक विवाद भी तेज हो गया है, जहां एक ओर उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, वहीं भाजपा समर्थकों ने सरकार के सुरक्षा दावों का बचाव किया है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर वीडियो साझा करते हुए सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने लिखा— मिशन शक्ति' कागजों पर, लुटेरे घूम रहे सड़कों पर! एटा में इस बहादुर महिला के साहस को सलाम है, जिसने अकेले ही दो बाइक सवार लुटेरों के दांत खट्टे कर दिए! लेकिन सवाल उस भाजपा सरकार से है जो हर चौराहे पर 'सुरक्षित नारी' के होर्डिंग लगाकर करोड़ों रुपये फूंक रही है। क्या सूबे की कानून व्यवस्था अब पूरी तरह महिलाओं के भरोसे ही छोड़ दी गई है? मुख्यमंत्री जी, जब आपके सिपाही और गश्त करने वाली गाड़ियां सड़कों से गायब हैं, तभी लुटेरे दिन-दहाड़े बेटियों पर हमला कर रहे हैं। शुक्र है कि महिला निडर थी, वरना आपकी लचर पुलिसिंग ने तो अपराधियों को 'खुला मैदान' दे रखा है। अपराधियों में कानून का नहीं, बल्कि जनता में अपराधियों का खौफ है—यही आपके 'रामराज्य' की असली तस्वीर है!
वही वीडियो और पोस्ट के सामने आने के बाद दोनों राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा समर्थक दावा कर रहे हैं कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार सख्त कदम उठा रही है और ‘मिशन शक्ति’ जैसे अभियानों के जरिए अपराधों पर नियंत्रण किया जा रहा है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को सरकार की विफल कानून-व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए सवाल खड़े किए हैं। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जिससे राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर बहस तेज होती जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने भी स्थिति स्पष्ट की है।क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह ने बताया है कि थाना जैथरा क्षेत्र में दो अज्ञात बाइक सवार व्यक्तियों ने एक महिला से बैग छीनने का प्रयास किया था। घटना के बाद तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।