एटा

शादी तय होने पर दोस्त ने दी शराब की बोतल, स्कूल में पीकर निकले तीन युवक; सबमर्सिबल के पास गिरे, तीनों की मौत

एटा में 3 दोस्तों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चर्चा है कि तीनों दोस्त सगाई में मिले गिफ्ट की शराब पी रहे थे। हालांकि, मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस को मौके से शराब की खाली बोतल और नशीली गोलियों के खाली रैपर मिले हैं।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 10:19 AM IST
etah 3 friends die after liquor party

'एटा में दोस्त की सगाई के बाद शराब पीने वाले तीन युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तीनों की मौत के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। घटना से पहले तीनों के शराब पीने की बात सामने आई है।

मृतकों की पहचान किशोरपुर निवासी अजीत (18), जीतू (20) और शिवकुमार (19) के रूप में हुई है। अजीत चंद्रपाल का बेटा था। वह महाराष्ट्र के नासिक में टमाटर बेचने का काम करता था। जीतू पुत्र लेखराज भी नासिक में टमाटर बेचने और शटरिंग का काम करता था, जबकि शिवकुमार पुत्र दुर्विजय कक्षा 12 का छात्र था। तीनों आपस में दोस्त थे। पुलिस को घटनास्थल से शराब की बोतलों के साथ भांग की गोलियां भी मिली हैं। अधिकारियों ने इनके नमूने जांच के लिए भेजे हैं। हालांकि, अभी मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है। परिजनों ने शराब की एक्सपायरी होने की आशंका जताई है।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव के महीपाल के बेटे लोकेन्द्र की शादी तय हुई थी। इस पर अजीत, जीतू और शिवकुमार ने उससे पार्टी मांगी। लोकेन्द्र ने उन्हें शराब की एक बोतल दी थी। तीनों दोस्त शराब लेकर एक स्कूल पहुंचे और वहीं बैठकर पी। इसके बाद वे एक ही बाइक पर सवार होकर वहां से निकले।

गांव से कुछ दूर सबमर्सिबल के पास पहुंचने पर तीनों की हालत बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक खड़ी करते ही वे जमीन पर गिर पड़े। तीनों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां एक युवक होश में था। उसने बताया कि उसने सिर्फ एक पैग शराब पी थी, लेकिन इसके बाद ही उसे चक्कर आने लगे थे।

परिजनों ने शराब एक्सपायरी होने की आशंका जताई है। पुलिस ने मौके से शराब की बोतल बरामद कर ली है। आबकारी विभाग भी शराब की जांच कर रहा है। हालांकि, अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि युवकों की मौत का कारण शराब में मिलावट थी या कुछ और।

पिता बोले- शिवकुमार शराब नहीं पीता था

शिवकुमार की मौत के बाद उसके पिता दुर्विजय सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि बेटा शराब नहीं पीता था। वह शाम करीब चार बजे नहाने के बाद घर से निकला था। इसके बाद दोस्तों के साथ कहां गया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी।दुर्विजय सिंह ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना से पहले दोपहर में अजीत और जीतू गांव में साथ घूमते दिखाई दिए थे। उस समय दोनों ने शराब नहीं पी थी। घटना के बाद तीनों के शराब पीने और तबीयत बिगड़ने की परिस्थितियों को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आई हैं।

जीतू के घर तीन महीने का बच्चा, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

जीतू महाराष्ट्र के नासिक में काम करता था। वह छह नवंबर को त्योहार मनाने गांव आया था। उसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और उसका तीन महीने का बच्चा है। वह शटरिंग के काम के साथ टमाटर का कारोबार भी करता था।

अजीत भी महाराष्ट्र में रहकर टमाटर बेचने का काम करता था। हालांकि, कुछ महीने पहले वह गांव लौट आया था और यहीं काम कर रहा था।

वहीं, शिवकुमार कक्षा 12 में पढ़ता था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। तीनों दोस्तों की एक साथ मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा है।

जीतू के भाई प्रेमपाल ने बताया कि परिवार की गांव में किसी से कोई रंजिश नहीं थी। जीतू घटना से एक दिन पहले पत्नी की दौज कराने ससुराल गया था। इसके बाद वह घर लौट आया था।

Updated on:
12 Nov 2026, 10:19 AM IST
Published on:
Also Read
View All