
एटा। आचार संहिता लगने से पहले तक निकाय चुनावों की तैयारियों में तमाम पार्टियों के आलाकमान अपनी ताकत झोंके हुए थे, एक प्रत्याशी चुनाव प्रचार के लिए निकलते थे तो पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं की गाड़ियों के काफिले साथ होते थे। लेकिन अब आपको ये नजारा देखने को नहीं मिलेगा क्योंकि प्रचार के लिए गाड़ियों की सीमा तय कर दी गई है। नियमों के तहत आचार संहिता के बाद नगर पालिका अध्यक्ष पद के दावेदार चुनाव प्रचार में केवल तीन गाडियों, नगर पंचायत अध्यक्ष दो गाड़ियों और निकाय में सदस्य पद के प्रत्याशी केवल एक—एक गाड़ी का ही प्रयोग कर सकेंगे।
इसलिए बदले नियम
एटा के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुधाकर मैथिल का कहना है कि निकाय चुनावों में भी इस बार लोकसभा और विधानसभा चुनावों जैसी सख्ती देखने को मिलेगी। ऐसा चुनाव के खर्चों पर नियंत्रण करने और शोर शराबे में कमी लाने के लिए किया जा रहा है। आपको बता दें कि अब तक पिछले चुनावों में प्रत्याशियों के प्रचार वाहनों की सीमा तय नहीं होती थी। लेकिन उनके प्रयोग के लिए अनुमति लेना ही जरूरी था। वहीं सदस्य पद के उम्मीदवारों के लिए भले ही ज्यादा गाड़ियों की लंबी कतार न मिले लेकिन अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के प्रचार के लिए चार पहिया गाड़ियों की लंबी चौड़ी कतार देखने को मिलती थी।
इससे शहर में जगह जगह रास्ते बाधित होते थे साथ ही कई अन्य समस्याएं भी सामने आती थीं। यह सब देखकर इस बार वाहनों के काफिले पर शिकंजा कस दिया है। आचार संहिता में इस बात को गंभीरता से लिया गया है और वाहनों की सीमा निर्धारित की गई है। नियमों के मुताबिक नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी चुनाव प्रचार में कुल तीन गाड़ियों का ही प्रयोग कर सकेंगे। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के लिए वाहनों की सीमा दो की रहेगी। जबकि दोनों तरह के निकायों में सदस्य पदों के दावेदार एक-एक गाड़ी चलवाने के हकदार होंगे।
नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
प्रचार में गाड़ी चलाने के लिए भी आयोग ने कुछ नियम तय किए हैं। नियमों के तहत गाड़ी के लिए रिटर्निंग अधिकारी से इजाजत लेनी होगी। आरओ द्वारा एक परमिट जारी किया जाएगा, जिसे विंडो स्क्रीन पर लगाना होगा। यदि नियमों का पालन नहीं किया जाता तो इसे आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा और नियमानुसार दंड दिया जाएगा।
जुलूस के दौरान मिलेगी छूट
जानकारी के मुताबिक ये नियम केवल सामान्य प्रचार पर ही लागू होंगे। जुलूस निकालने के लिए वाहनों की सीमा में छूट दी जाएगी। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी दस, नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्यशी पांच, नगर पालिका सदस्य पद के दावेदार तीन और नगर पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार दो गाड़ियों का प्रयोग कर सकेंगे।