एटा

दरवेश यादव हत्याकांड: श्रद्धांजलि देने पहुंचे शिवापल ने किया बड़ा ऐलान, CM योगी को लेकर कह दी बड़ी बात

शिवपाल यादव ने दरवेश यादव के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए बड़ा ऐलान किया साथ ही प्रदेश के अफसरों को बेलगाम बताया।
2 min read
• •
Updated: 16 Jun 2019, 4:29 PM IST
Shivpal Yadav
दरवेश यादव हत्याकांड: श्रद्धांजलि देने पहुंचे शिवापल ने किया बड़ा ऐलान, CM योगी को लेकर कह दी बड़ी बात

एटा। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव आज यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश यादव की हत्या के बाद श्रद्धांजलि देने एटा पहुंचे। शिवपुरी कॉलोनी स्थित उनके आवास पर दरवेश को श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का तांता उमड़ पड़ा। प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव दरवेश यादव को श्रद्धांजलि देने के बाद उनके परिजनों से मिले और दुख की इस घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान शिवपाल यादव ने दरवेश के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए बड़ा ऐलान किया साथ ही प्रदेश के अफसरों को बेलगाम बताया।

‘अपराधियों के हौसले बुलंद’

इस दौरान शिवपाल यादव ने कहा कि दरवेश का पूरा परिवार उन्ही के ऊपर निर्भर था और दरवेश की हत्या के बाद परिवार की आर्थिक मदद के साथ सुरक्षा भी सबकी जरुरत है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, न्याय लोगों को नहीं मिल रहा है और अपराधियों के हौसले पूरी तरह बुलन्द हैं। दिन दहाड़े हत्यायें हो रही हैं इस पर कंट्रोल करने की जरुरत है। शिवपाल ने कहा कि योगी जी को अपराध रोकने की जरुरत है।

‘सड़कों पर उतरेंगे’

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते क्राइम को लेकर वो सीएम योगी से मिलेंगे, सीएम नहीं सुनेंगें तो राज्यपाल से मिलेंगे और यदि राज्यपाल भी नहीं सुनेंगें तो हम सड़कों पर उतरेंगे। शिवपाल ने कहा कि कोर्ट परिसर में दिन दहाड़े यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश की हत्या हुई है और अगर न्याय नहीं मिलता है तो इसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए।

‘योगी जी ईमानदार लेकिन अफसर बेलगाम’

शिवपाल ने कहा कि लगातार हत्याएं हो रही हैं प्रशासन और शासन इकबाल से चलता है। अपराधियों के हौसले बुलन्द हैं तो जरुरत है लॉ एंड ऑर्डर को ठीक करने की। उन्होंने कहा कि योगी जी ईमानदार हैं और मेहनत भी करते हैं लेकिन नौकरशाही पर उनका कंट्रोल नहीं है, जिसकी वजह से अपराध लगातार बढ़ रहे है।

Published on:
Also Read
View All