एटा

आंधी और बारिश ने मचाई तबाही, पति की गर्दन कटी, पत्नी गंभीर, मवेशियों की मौत

तेज आंधी और बारिश के कहर के साथ आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। जनपद में अलग-अलग क्षेत्रों में 6 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।
2 min read
Jun 07, 2019
Feature image

एटा। तेज आंधी और बारिश के कहर के साथ आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। जनपद में अलग-अलग क्षेत्रों में 6 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। सभी घायलों को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। दो लोगों की हालत नाजुक होने के चलते उन्हें हायर सेंटर आगरा के लिए रेफर कर दिया गया है। आंधी के कारण एटा-अलीगढ़ हाईवे पर पेड़ टूटकर गिरने से काफी देर तक जाम लगा रहा। आगरा रोड, अलीगंज रोड, शिकोहाबाद रोड, सकीट रोड, गंजडुंडवारा रोड पर भी पेड़ टूट गए, जिससे यातायात बाधित रहा।

घर लौट रहे युवक पर बिजली गिरी
गुरुवार की शाम तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू ही हुई थी कि ओलों की बरसात होने लगी। लोग भीषण गर्मी की तपन के बाद बारिश की फुहारों का आनन्द लेते अपने घर लौट रहे थे। तभी आसमान से गिरी आकाशीय बिजली ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। थाना बागवाला के नगला मम्भा में 18 वर्षीय युवक दिनेश की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गयी। दिनेश खेत से अपने घर लौट रहा था।

थाना पिलुआ में भी आंधी के कहर के साथ मवेशी चराकर घर लौट रहे 65 वर्षीय वृद्ध जनक सिंह की मौके पर ही मौत हो गयी। आकाशीय बिजली गिरने से वृद्ध के साथ-साथ उनके तीनों मवेशी भी मौत के गाल में समा गये।

टिनशेड से गर्दन कटी
पिलुआ क्षेत्र के गांव नगला इमलिया में 70 वर्षीय महावीर सिंह और उनकी पत्नी ब्रह्मादेवी बरामदे में टीन के नीचे बैठे थे। बारिश के दौरान आई तेज आंधी के चलते टीन उखड़कर जा गिरी, जिससे महावीर सिंह की गर्दन कट गई। उन्होंने मोके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी ब्रह्मादेवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दो भाइयों पर बिजली गिरी, तीन मवेशी मरे
इसके अलावा मलावन क्षेत्र के गांव देवपुरा में भी आकाशीय बिजली गिरने से दो सगे भाई शिशुपाल सिंह और कुंवरपाल सिंह घायल हो गए। यह दोनों अपने खेत पर पशु चरा रहे थे। तभी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। इस दौरान दो भैंस व एक बैल की भी मौत हो गई। मिरहची क्षेत्र के गांव वीरपुर में ओले गिरे, जिससे रामबाबू, जगदीश, बाबूजी, मीनादेवी, नीरज, रूपकिशोर और विकल सिंह घायल हो गए। मलावन क्षेत्र में आंधी के दोरान कई स्थानों पर टीन-टप्पर उड़ गए और डा. एनपी सिंह, राकेश, लल्लू सिंह, अखिलेश और कोमल कश्यप की दीवारें गिर गईं।

Updated on:
07 Jun 2019 10:21 am
Published on:
07 Jun 2019 10:19 am