केंद्रीय राज्यमंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने कहा कि योगी सरकार में स्वर्ण योग है और गुप्त काल में सूर्य योग था। प्रदेश सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाएं चुनाव में जीत दिलाएंगी।
एटा. केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास दो बुलडोजर हैं। एक से सड़क बनाने का काम होता है तो दूसरे से मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद जैसे माफिया की अपराध से जुड़ी हुई संपत्ति को नष्ट किया जा रहा है। उन्होंने यह बातें रविवार को भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में कही।
इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने विपक्ष दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस बार वोट डालने से पहले जरूर सोच लें, पिछली सरकारों में जब तक बेट पढ़कर घर नहीं आता था तब तक मां दरवाजे पर बैठकर उसका इंतजार करती थी। जब तक व्यापारी दुकान बंद कर घर नहीं पहुंचता था तब तक पत्नी को चिंता रहती थी। किसान खेतों में रात को पानी नहीं लगाता था, पता नहीं कब अलीगंज और पटियाली की कटरी में अपहरण करके ले जाया जाए।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार में स्वर्ण योग है और गुप्त काल में सूर्य योग था। प्रदेश सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाएं चुनाव में जीत दिलाएंगी। समय कम मिला है, योगी को बुलडोजर और चलाना है इसलिए वोट सोच-समझकर देना है।
सबसे बड़ा है बूथ अध्यक्ष: बेबी रानी मौर्य
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबी रानी मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में सबसे ताकतवर, सबसे यशस्वी कोई है तो वह हैं राष्ट्रीय अध्यक्ष, इनसे भी ज्यादा ताकतवर प्रदेश अध्यक्ष और इनसे भी ताकतवर हैं तो वह बूथ अध्यक्ष हैं। बूथ जीता तो चुनाव जीता।
प्रदेश में माफिया की हो गई ठांय-ठांय: महेश गुप्ता
राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सीमा पर दुश्मनों की धांय-धांय कराई है। योगी सरकार में माफिया की हुई ठांय-ठाय। अगर प्रदेश को गुंडों से मुक्त चाहते हैं तो अबकी बार फिर योगी सरकार।
बूथ अध्यक्षों की बदौलत फिर जीतेंगे चुनाव: राजवीर सिंह
इस दौरान एटा सांसद राजवीर सिंह ने कहा कि बूथ अध्यक्षों के मजबूत होने पर पार्टी मजबूत होती है। हमें भरोसा है कि 2022 का चुनाव बूथ अध्यक्षों की बदौलत ही हम फिर जीतेंगे।