एटा

Breaking: यूपी रोडवेज की बस का एक्सीडेंट, दो दर्जन से अधिक लोग घायल

एटा जिले में अवागढ़ के पास हुआ भीषण सड़क हादसा।
2 min read
• •
Updated: 24 Jun 2018, 8:10 PM IST
UP roadways bus
UP roadways bus

एटा। मैनपुरी के बाद एटा जिले में बड़ा हादसा हुआ। यहां यूपी रोडवेज के एटा डिपो से संबद्ध बस दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा अवागढ़ थाना क्षेत्र में आगरा रोड पर हुआ। बस सवार लोगों ने बताया कि अचानक क्या हुआ, किसी को नहीं पता, लेकिन एक ब्रेकर से निकलने के दौरान बस हवा में उछली चली गई और सड़क से नीचे खेत में कई पलटे खाते हुए घिसट गई। इस हादसे में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

मच गई चीख पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस की रफ्तार इतनी अधिक थी, कि चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया। बस ने कई पलटे खाये, जिससे बस सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। बस के पलटने से बस का वो गेट भी बंद हो गया, जिससे लोग निकल सकते। हादसे को देख मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। बस के शीशे तोड़कर बस में फंसे लोगों को बमुश्किल निकाला गया।

दो दर्जन से अधिक लोग घायल
इस भीषण सड़क हादसे में दो दर्जन से अधिक सवारियां घायल हो गईं। कई महिलाओं के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। बताया जा रहा है कि बस एटा से सवारियां लेकर आगरा की ओर आ रही थी। बस सवार ऋषभ यादव ने बताया कि बस तेज गति से चल रही थी। पता ही नहीं चला क्या हुआ। ऐसा लगा, कि बस हवा में उड़ रही है। वहीं यात्री अशोक दीक्षित ने बताया कि वे एटा से आगरा जा रहे थे। अवागढ़ से आगे ये घटना हुई है। बस में सवार कई महिलाओं को गंभीर चोटें आईं हैं।

Published on:
Also Read
View All