
Young woman commits suicide in Etawah: इटावा में युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसे पीजीआई में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। युवती की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। मृतक परिवार के सदस्यों ने पड़ोसी युवक पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है। घटना थाना सैफई क्षेत्र के डेरा बंजारा का है।
उत्तर प्रदेश के इटावा में ब्लैकमेलिंग से परेशान एक युवती ने जहर खाकर जान दे दी। थाना सैफई क्षेत्र के डेरा बंजारा गांव की रहने वाली 18 वर्षीय अंजली ने जहरीला पदार्थ खा लिया। यह देख घर में अफरातफरी मच गई। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में सैफई स्थित पीजीआई में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अंजलि की मौत के बाद घर में रोना पीटना मच गया।
मृतका के परिवार के सदस्यों ने पड़ोस के ही एक युवक पर ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक लंबे समय से अंजली को परेशान कर रहा था और ब्लैकमेल कर रहा था। जिससे परेशान होकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों में घटना की जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने पुलिस से आरोपी युवक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी की वजह से ही उनकी बेटी ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया है और उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी सैफई ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।