Weather update मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ को लेकर सावधान किया है। जिसके अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान और भी गिरने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है।
Weather update कानपुर को पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला घोषित किया गया। जबकि यह प्रदेश में 11वें स्थान पर रहा। मौसम विभाग के अनुसार कानपुर का न्यूनतम तापमान पिछले 24 घंटे में 3.2 डिग्री दर्ज किया गया। जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम था। इसी प्रकार इटावा का 3.8, बाराबंकी का 4.5, शाहजहांपुर का 4.6 और हरदोई का 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार इटावा में आज रात उत्तर और पश्चिम दिशा से आने वाली हवाएं मौसम को प्रभावित करेंगी। कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने बताया कि सुबह और शाम को धुंध और कोहरा छाए रह सकते हैं। दिन में धूप निकलने की संभावना है। लेकिन नमी बनी रहेगी। सुबह और रात को गलन रहेगी। शीत लहर चलने की भी संभावना है। कानपुर मंडल में बारिश की कोई संभावना नहीं है।
मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार बरेली, लखनऊ, कानपुर, फुरसतगंज का तापमान 4 से 6 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया है। जबकि बहराइच, अयोध्या, फतेहपुर, उरई, झांसी, आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, नजीबाबाद का तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। इसलिए 24 घंटे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा और सरसावा में जीरो मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई है। जबकि कानपुर और फतेहगढ़ में भी विजिबिलिटी जीरो दर्ज की गई है।
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने बताया कि अगले 24 घंटे में पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली हवाओं का असर दिखाई पड़ेगा। तापमान में कोई विशेष अंतर नहीं आएगा। गलन बनी रहेगी। दिन में धूप निकली लेकिन संभावना के अनुरूप धूप में गर्मी नहीं रही। अगले कुछ दिनों में आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में परिवर्तन आएगा और आसमान में बादल दिखाई पड़ेंगे। पहाड़ों पर जमकर बर्फबारी होगी। जिसका असर गंगा के मैदानी भागों पर भी पड़ेगा। गलन और शीतलहर भी चलने की संभावना है। तापमान में और कमी आ सकती है।