इटावा

मुलायम के जन्मदिन पर सबसे बड़ी खबर, कार्यक्रम में न पहुंचकर शिवपाल की तैयारियों पर फेरा पानी

मुलायम के जन्मदिन पर सबसे बड़ी खबर, कार्यक्रम में न पहुंचकर शिवपाल की तैयारियों पर फेरा पानी
3 min read
• •
Updated: 22 Nov 2018, 4:00 PM IST
shivpal singh yadav
मुलायम के जन्मदिन पर सबसे बड़ी खबर, कार्यक्रम में न पहुंचकर शिवपाल की तैयारियों पर फेरा पानी

दिनेश शाक्य
इटावा. नेता मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन के मौके पर आयोजित समारोह में मुलायम, साधना और अपर्णा के ना आने से शिवपाल खेमा मायूस नज़र आ रहा है, लेकिन इसके ठीक विपरीत अखिलेश खेमा मुलायम के कार्यक्रम रद्द होने से बेहद खुश है। अगर मुलायम सिंह यादव प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के समारोह में आते तो निश्चित है कि इससे सैफई में अखिलेश ओर समाजवादी समर्थको में निराशा होती।

असल में शिवपाल सिंह यादव ने यही उम्मीद करके रखी थी कि उनके बड़े भाई मुलायम सिंह यादव अपने जन्मदिन के मौके पर सैफई में आयोजित होने वाले समारोह में जरूर मौजूद होंगे। बिल्कुल ऐसा हुआ भी राजधानी लखनऊ से मुलायम सिंह यादव के निजी सचिव की तरफ से इस बात की जानकारी इटावा के नगर मजिस्ट्रेट को भी प्रदत्त कर दी गई थी। आज तड़के से ही मुलायम सिंह यादव के यहां पहुंचने की खबर के मद्देनजर पूरे का पूरा सुरक्षा दस्ता सैफई हवाई पट्टी पर मुस्तैद कर दिया गया। सुरक्षा दस्ते में सैफई के उपजिलाधिकारी हेम सिंह और सैफई के पुलिस उपाधीक्षक निर्मल सिंह बिष्ट समेत तमाम अफसर मौजूद रहे लेकिन दोपहर बाद बदकिस्मती से मुलायम सिंह यादव का प्रोग्राम रद्द कर दिया गया। मुलायम सिंह यादव के यहां पहुंचने के कार्यक्रम के रद्द होने के बाद शिवपाल सिंह समर्थकों में खासी मायूसी देखी जा रही है।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के नेता शिवपाल सिंह यादव के करीबियों की तरफ से इस बात की सूचना सभी समर्थकों और प्रशंसकों को प्रदत्त की गई थी कि उनके बड़े भाई मुलायम सिंह यादव ना केवल जन्मदिन समारोह में बल्कि साधना, अपर्णा आदि के भी पहुंचने की संभावना थी लेकिन लखनऊ में बदले घटनाक्रम के बीच मुलायम और परिवार के दूसरे सदस्यों के आने के कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।

मुलायम सिंह यादव के सैफई पहुंचने की सूचना को लेकर के लखनऊ से उनका पूरा का पूरा सुरक्षा दस्ता सैफई के मास्टर चंदगीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहुंच गया था जिसने मुलायम सिंह की सुरक्षा को लेकर स्थानीय पुलिस अफसरों से सामंजस्य बैठा कर के पूरी स्थिति पर नजर रखी। उधर सैफई हवाई पट्टी पर भी दोपहर बाद तक लगातार पुलिस और प्रशासनिक अफसर मुस्तैद रहे लेकिन दोपहर 2 बजे के आसपास जैसे ही मुलायम सिंह यादव के सैफई ना आने की खबर लगी वैसे ही सुरक्षा दस्ते में लगे हुए अफसर और अन्य सुरक्षाकर्मी वापस लौटे लगे।

समाजवादी पार्टी खेमे से मिल रही जानकारी के मुताबिक ऐसा बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के दौरे पर गए पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने पिता मुलायम सिंह यादव को सैफई जाने से रोकने के लिए देर रात ही लखनऊ पहुंच गए थे और उन्होंने आज सुबह जाकर के सबसे पहले अपने पिता से अपने बच्चों के साथ मिलकर के जन्मदिन की ना केवल उनको बधाई दी बल्कि उनसे आशीर्वाद भी लिया। मुलायम सिंह यादव से अखिलेश यादव की हुई मुलाकात के बाद में मुलायम सिंह यादव समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर पहुंचे जहां पर उन्होंने समाजवादी पार्टी को मजबूत करने की दिशा में सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने संबोधन में निर्देशित किया।

असल में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का अपने भाई मुलायम सिंह यादव का सैफई में जन्मदिन मनाने के पीछे एक बड़ा मकसद यह बताया गया कि अगर मुलायम सिंह यादव इस समारोह में हिस्सेदारी करने के लिए पहुंचते हैं तो इसका उनको दोहरा लाभ मिलेगा एक तो सैफई और आसपास के इलाकों में समाजवादी पार्टी समर्थको में बड़ा संदेश जाता दूसरा उनकी पार्टी का जनाधार भी बढ़ता लेकिन ऐसा हो न सका ।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह यादव ने सैफई के मास्टर चंदगीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन समारोह में अपने संबोधन में कहा कि उनको बड़े भाई मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद मिला हुआ है भले ही आज की परिस्थितियों के कारण जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए ना सके हो लेकिन उनके आशीर्वाद में कोई कमी नहीं है ।

समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष गोपाल यादव कहना है कि नेता जी का संरक्षण हर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता को मिला हुआ है इसी कारण पार्टी निरंतर सक्रिय बनी हुई है। राजनीतिक रणनीतिकार ऐसा मानते है कि मुलायम सिंह यादव की दोहरी नीति के कारण समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता असमंजस की स्थिति में बने हुए हैं। कभी मुलायम सिंह यादव समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम में पहुंचते हैं तो कभी अपने भाई शिवपाल सिंह यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम में जाकर के उत्साहवर्धन करते हैं लेकिन मुलायम सिंह यादव की जुबान पर हर बार समाजवादी पार्टी की ही बात रहती है।

Published on: