
इटावा. उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के कोतवाली पुलिस ने भोले भाले लोगों को बैंक एटीएम से पैसे निकालने के दरम्यान जालबटटे के जरिए ठगने वाले गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। पुलिस ने जिस बैंक एटीएम से धोखाधडी करने के मामले मे गिरफतार किया गया है वह अलीगढ मे पीएएसी मे तैनात सिपाही है। इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने आज यहां बताया कि बैंक एटीएम से धोखाधड़ी करके रुपए निकालने वाले गैंग के दो सदस्यों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 6 एटीएम, 10200 और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
एटीएम बदलकर निकालते हैं पैसे
उन्होंने बताया कि पड़ोसी जिले मैनपुरी के करहल इलाके के मकरमपुर गांव के रहने वाले संजीव सिंह भदौरिया उर्फ सोनू अपने मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के मुडैना गांव निवासी सुनील सिंह तोमर के साथ कोतवाली इलाके के शास्त्री चौराहे से गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों की तलाशी के दौरान इनके पास से 6 एटीएम कार्ड और 10200 बरामद किए गए। दोनों की तलाश 1 जून को हुई घटना में सीसीटीवी वीडियो के आधार पर सरगर्मी से की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि बैंक एटीएम के आसपास घूमकर ऐसे लोगों की तलाश में रहते हैं जिन्हें एटीएम से पैसे निकालने की जानकारी नहीं होती। हम उन लोगों की मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदल दिया करते हैं और अन्य एटीएम से बदले हुए एटीएम कार्ड से पैसे निकाल लेते हैं।
कई वारदातों को दे चुके हैं अंजाम
उन्होंने बताया कि पिछले साल 4 अक्टूबर को इन्हीं लोगों ने एटीएम कार्ड धोखाधड़ी करके पैसे निकाल लिए थे जिसका मुकदमा करहल कोतवाली में दर्ज किया गया है। इसी के साथ 1 जून को प्रीति यादव पुत्री स्वर्गीय हरिशरण द्वारा अपने साथ बैंक एटीएम में हुई धोखाधड़ी कर 23000 निकालने के संबंध में भी मुकदमा दर्ज कराया गया है। दोनों घटनाओं को आरोपियों ने करना पुलिस में स्वीकार किया है। इन लोगों ने इस बात को भी स्वीकार किया है कि पूर्व में उनके द्वारा इटावा शहर में करीब 30 घटनाएं इस तरह की अंजाम दी है और बैंक एटीएम से निकाली गई रकम को खर्च कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि एक अनुमान के बतावे इन दोनों आरोपियों ने करीब पौने चार लाख के आसपास रूपये विभिन्न बैंक एटीएम से निकाल चुके है।