इटावा में एफएम स्टेशन की स्थापना की प्रकिया, किसानों तक पहुंचेगी मन की बात
इटावा. कानों में घुलता मधुर संगीत और मन की बात से लेकर किसानों की बात तक जल्द ही इटावा की फिजा में गूंजती नजर आएगी । लम्बे समय से लोगों के बीच इंतजार का सबब बने एफएम स्टेशन का काम शुरू हो गया है । जल्द ही यमुना किनारे बीहड़ी वादियों से इटावा में भी एफएम की शुरुआत होगी । जिला प्रशासन द्वारा भारतीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को जमीन उपलब्ध कराने के बाद कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया गया। अगले कुछ दिनों में मंत्रालय की टीम यहां पहुंचकर कामकाज अपनी निगरानी में शुरू कराएगी।
वर्ष 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केन्द्र सरकार को इटावा, मैनपुरी, रायबरेली व अमेठी में एफएम रेडियो स्टेशन खोलने का प्रस्ताव भेजा था। जिसे केन्द्र सरकार ने स्वीकृत कर लिया था। इसके बाद जिला प्रशासन से दो एकड़ जमीन की मांग की गई। पालिका ने नगर क्षेत्र में जमीन ढूंढने के प्रयास किए। सबसे पहले यमुना तलहटी पर 1.53 एकड़ जमीन भारतीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधिकारियों को दिखाई गई । दिल्ली के आकाशवाणी केन्द्र से आए अधिकारियों ने जमीन को उपयुक्त नहीं पाया।
जिसके बाद पालिका ने जमीन की तलाश की और अंत में धूमनपुरा के पास 2014 में जमीन निर्धारित की गई । सत्ता परिवर्तन के बाद प्रस्ताव की गति धीमी हो गई लेकिन जिला प्रशासन और पालिका के प्रयास से पिछले दिनों भूमि का हस्तांतरण पूरा करा लिया गया।
इन दिनों धूमनपुरा क्षेत्र में पालिका की दो एकड़ जमीन पर टीले को काटकर समतलीकरण का काम पूरा कर लिया गया है और यहां तारबंदी भी करा दी गई है। अधिकारियों की माने तो अगले कुछ दिनों में ही केन्द्रीय टीम भूमि का निरीक्षण करेगी और निर्माण की प्रक्रिया को शुरू कराएगी। सबकुछ समय से हुआ तो दीपावली तक इटावा की फिजा में एफएम की आवाज गूंजने लगेगी।
इटावा, आगरा और कानपुर दो रेडियो क्षेत्रों के बीच में आता है। ऐसे में फिक्वेन्सी बनाए रखने के लिए इटावा में ही प्रसारण केन्द्र की स्थापना की जाएगी। पहले चरण में एफएम को प्रसारण टावर देकर अलग फिक्वेन्सी पर आगरा व कानपुर के स्टेशन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके बाद इटावा में ही प्रसारण केन्द्र खोला जाएगा। प्रसारण केन्द्र खोले जाने से कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण भी यहां से किया जा सकेगा। लम्बे समय से प्रस्तावित इस एफएम स्टेशन के काम-काज को लेकर फिलहाल तेजी नजर आ रही है।
एफएम स्टेशन की स्थापना से सभी वर्गों को फायदा मिलेगा। इनमें युवाओं को जहां संगीत सुनने को मिलेगा। वहीं रोजगार के क्षेत्र में भी कई संसाधन एफएम के जरिए उपलब्ध होंगे।