इटावा

सपा की योगी सरकार को आखिरी चेतावनी, करेंगे आनिश्चितकालीन तक धरना, भाजपा सांसद का आया बयान

चंबल की छवि को बदलने के इरादे से बीहड़ में स्थापित कराये गये इटावा सफारी पार्क की ओपनिंग को लेकर विपक्षी सपा और सत्तारूढ भाजपा के बीच जबरदस्त जोर आजमाइश चल रही है।

3 min read
Sep 01, 2019
SP BJP
SP BJP

दिनेश शाक्य.
इटावा. चंबल की छवि को बदलने के इरादे से बीहड़ में स्थापित कराये गये इटावा सफारी पार्क की ओपनिंग को लेकर विपक्षी सपा और सत्तारूढ भाजपा के बीच जबरदस्त जोर आजमाइश चल रही है। इसी कारण इटावा सफारी पार्क राजनैतिक अखाड़ेबाजी में तब्दील हो गया है। असल में समाजवादी पार्टी ने इटावा सफारी पार्क की ओपनिंग के लिए 2 सिंतबर से अनिश्चित कालीन आंदोलन का ऐलान किया हुआ है। सपा की इटावा ईकाई के अध्यक्ष गोपाल यादव ने पार्टी हाईकमान से मशवरे के बाद पहले डीएम स्तर पर सफारी ओपनिंग के लिए ज्ञापन दिया उसके बाद ऐलान किया कि एक सितंबर तक अगर सफारी की ओपनिंग नहीं की गई तो 2 सिंतबर से सफारी के मुख्य गेट पर अनिश्चित कालीन आंदोलन शुरू कर दिया जायेगा। उनका कहना है कि उनकी जानकारी में आया है कि इटावा के सांसद ने 2 अक्टूबर से इटावा सफारी के आम लोगो के लिए खोले जाने की बात बेशक कही है, लेकिन असलियत इसके उलट नजर आती है।

भाजापा सांसद का बयान- सपा केवल कर रही राजनीति-

उधर भाजपा सांसद डा. रामशंकर कठेरिया सपा के इस ऐलान पर सवाल उठाते हुए कहते हैं कि सपा विकास की बजाय केवल राजनीति करती है। अब सफारी को लेकर राजनीति करती है, जब सफारी को खोले जाने की सारी तैयारियॉ पूरी हो चुकी है, तो फिर राजनीति करने लगी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी से उनकी बात हो चुकी है। 2 अक्टूबर को इटावा सफारी आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। कठेरिया ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी व आला अधिकारियों से बात कर सफारी खोले जाने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने अफसरों को देरी के लिए फटकार लगाते हुए इटावा सफारी को जल्द खोलने के निर्देश दिए।

सांसद डा. कठेरिया ने कहा कि उनकी 4 दिन पहले लखनऊ में सीएम आदित्यनाथ योगी, प्रमुख सचिव अवनीश अवस्थी, प्रमुख सचिव वन कल्पना अवस्थी से सफारी को लेकर वार्ता हुई है। जिसमे उन्होने कहा कि सफारी तैयार है, उसे पर्यटकों के लिए खोला जाना चाहिए। इस पर मुख्यमंत्री ने अफसरों से कहा कि सफारी को तत्काल खोला जाए। जिससे पर्यटकों का आना-जाना शुरू हो जाए। एक जून 2018 को सीएम आदित्यनाथ योगी ने सफारी का औपचारिक उद्घाटन कर दिया था। सफारी पार्क में कई वन्यजीवों के लिए सफारियां बनी हैं, जिनमें लायन सफारी भी है। हालांकि तकनीकी कारणों से लायन सफारी को अभी नहीं खोला जा सकेगा। लेकिन डियर सफारी, एंटीलोप सफारी तथा बीयर सफारी को फैसिलिटीज सेंटर के साथ ही पहले चरण में खोले जाने की तैयारी है।

सपा ने दिया बयान-

सपा जिला अध्यक्ष गोपाल यादव कहते हैं कि अखिलेश सरकार के समय इटावा के बीहड़ में विश्व प्रसिद्ध इटावा सफारी पार्क का निर्माण कराया गया। इस पार्क का निर्माण बेहद ही चुनौती पूर्ण ढंग से कराया गया क्योंकि चंबल के बीहड़ों का फिलहाल मिज़ाज वन्य जीवों के लिहाज से नहीं था। लेकिन सरकार के अफसरों ने कड़ी मेहनत और मशक्कत के बाद में बीहड़ में वन्यजीवों के लायक प्राकृतिक माहौल बना करके इटावा सफारी पार्क का निर्माण परिपूर्ण किया । उन्होंने बताया कि इटावा सफारी पार्क का निर्माण करीब करीब अखिलेश सरकार के समय ही पूरा हो चुका था। इसी बीच 2017 में आई योगी सरकार की इस पार्क के प्रति बेरुखी दिखी। नतीजतन कई दफा ऐलान के बाद अभी भी इटावा सफारी पार्क को पर्यटकों के लिए नहीं खोला जा सका।

Published on:
01 Sept 2019 04:37 pm