
इटावा. उत्तर प्रदेश के इटावा खनन माफियाओं और पुलिस का गठजोड इतना मजबूत है कि उसको तोड पाना संभव नजर नहीं आता तभी तो आये दिन पुलिस की मिली भगत से जुडे वाक्ये लगातार एक के बाद एक करके सामने आने से पुलिस अफसरों की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगता हुआ दिख रहा है।
सिपाही का वीडियो आया सामने
इटावा के चकरनगर इलाके के एक सिपाही का वीडियो सामने आया है। जिसमें चकरनगर थाने में तैनात सिपाही धर्मेंद्र सचान खनन माफियाओं को फोन पर एआरटीओ के मार्ग पर आने की लोकेशन बताता नजर आ रहा है। मोटर साइकिल सवार सादा वर्दी मे सिपाही का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अफसरो मे हड़कंप मच गया। इटावा के एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने सिपाही धर्मेंद्र सचान को लाइन हाजिर कर दिया और उसकी जांच सीओ जसवंतनगर एस एन वैभव पांडेय को दे दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की मिलीभगत से चलता है खेल
इटावा मे चंबल नदी का पुल टूटने के बाद आवागमन बंद हो जाने के बाद थाना चकरनग, सहसो क्षेत्र में इन दिनों बालू और मौरंग से लदे सैकड़ों ट्रक रोजाना निकल रहे हैं। इनमें पुलिस की मिली भगत के आरोप लगाए जा रहे हैं। वीडियो में सिपाही धर्मेंद्र सचान खनन माफियाओं से कह रहा है कि एआरटीओ लखना निकल आया है। अपनी गाड़ियां जहां की तहां खड़ी कर दो। इटावा ग्वालियर मार्ग पर चंबल पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण प्रशासन ने मध्य प्रदेश से आने वाले वाहनों को चकरनगर होकर लखना बकेवर होकर डायवर्ट किया है। एक अनुमान के मुताबिक 24 घंटे के अंदर इस सड़क से करीब एक हजार से अधिक ट्रक बालू व मौरंग के निकल रहे हैं। परिवहन विभाग द्वारा जब भी चेकिंग लगाई जाती है सिपाही खनन माफियाओं को उनकी लोकेशन बता देते हैं जिससे परिवहन विभाग को सफलता नहीं मिलती है।