यूरोप

फ्रांस: कुख्यात बदमाश आया पुलिस के हाथ, तीन महीने पहले जेल तोड़कर हेलीकॉप्टर में हुआ था फरार

रेडोइन फैड के अलावा उसके भाई व तीन अन्य को भी गिरफ्तार किया गया है।
2 min read
• •
Updated: 3 Oct 2018, 7:00 PM IST
france gangster who escaped in helicopter is now under arrest
फ्रांस: कुख्यात बदमाश आया पुलिस के हाथ, तीन महीने पहले जेल तोड़कर हेलिकॉप्टर में हुआ था फरार

पेरिस। फ्रांस का एक कुख्यात गैंगस्टर फरार होने के तीन महीने बाद आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। जानकारी के मुताबिक उसे उत्तरी फ्रांस से गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि ये गैंगस्टर जेल से हेलिकॉप्टर में बैठकर फरार हुआ था।

एक जुलाई से जेल से फरार था गैंगस्टर

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फ्रांस के कुख्यात डकैतों में से एक रेडोइन फैड के अलावा उसके भाई व तीन अन्य को भी गिरफ्तार किया गया है। ये सभी बीती रात पेरिस के उत्तरी ओसे प्रांत से पुलिस के हाथ आए। बता दें कि फैड एक जुलाई को जेल से फरार हुआ था। इसमें उसकी मदद दो साथियों ने की थी। पहले उन्होंने स्मोक बम और दरवाजे काटने के उपकरण की मदद से जेल तोड़कर उसे वहां से बाहर निकाला। इसके बाद बाहर इंतजार कर रहे हेलिकॉप्टर में बैठाकर उसे भगा ले गए।

खुद को स्कूल का छात्र बताकर घुसे थे हेलिकॉप्टर में

फैड पर कई मामलें दर्ज हैं, जिस कारण वो पेरिस से करीब 50 किलोमीटर दूर दक्षिण पूर्व में मौजूद रियू की जेल में सजा काट रहा था। बताया जा रहा है कि उसके दो साथियों ने हेलिकॉप्टर में घुसने से पहले खुद को स्कूल का छात्र बताया था। लेकिन बाद में उन्होंने बंदूक की नोक पर हेलीकॉप्टर इंस्ट्रक्टर को जेल की तरफ चलने के लिए धमकाया। पायलट ने भी उनका कहा मानते हुए हेलिकॉप्टर जेल के अहाते में विमान उतारा। दरअसल यही वो स्थान था जहां हेलिकॉप्टर रोधी नेट नहीं लगाए गए थे।

चोरी के मामले में हुई थी 25 साल की जेल

बता दें कि ये खबर सामने आने के बाद फ्रांस में इस पर बवाल शुरू हो गया था। हर तरफ से सवाल दागे जा रहे थे कि क्या जेल में उचित सुरक्षा उपलब्ध है। फैड को साल 2010 के चोरी के एक मामले में 25 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। चोरी के दौरान एक पुलिसकर्मी की हत्या की गई थी। हालांकि उसने दावा किया कि पुलिसकर्मी की मौत उसकी वजह से नहीं बल्कि दुर्घटना में हुई थी।

Published on: