
लंदनः इंग्लैंड के शाही परिवार में नए मेहमान का आगमन हुआ है। सोमवार को दिन में 11 बजकर एक मिनट पर प्रिंस विलियम की पत्नी केट ने एक बेटे को जन्म दिया है। बच्चे का वजन 3.82 किलोग्राम बताया जा रहा है। प्रिंस विलियम तीसरी बार पिता बने हैं। यह बच्चा शाही राजघराने का पांचवां वारिस बनेगा। यह बेटा महारानी एलिथाबेथ द्वितीय का छठा प्रपौत्र है। केंसिंगटन पैलेस की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि मां और बेटा दोनों स्वस्थ हैं। बेटे के जन्म के बाद ब्रिटिश राजघराने में खुशियों का माहौल है।
22 मार्च से मैटरनिटी लीव पर थीं केट
केंसिंगटन पैलेस ने पिछले साल 4 सितंबर को एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा था कि प्रिंस विलियम एक बार फिर से बाप बनने वाले हैं। प्रिंस की पत्नी केट मिडलटन 22 मार्च से ही मैटरनिटी लीव पर चली गई थी। इस बच्चे के जन्म के पहले से केट और विलियम के एक बेटा और एक बेटी हैं। यह बच्चा शाही वारिस की रेस में पांचवें नंबर पर है। इससे पहले बच्चे के दादा प्रिंस चार्ल्स, पिता प्रिंस विलियम, भाई प्रिंस जार्ज और बड़ी बहन प्रिंसेस शैरलोट हैं। इस बच्चे का जन्म लंदन के सैंट मैरी अस्पताल में हुआ है।
जन्म के समय प्रिंस भी थे मौजूद
बताया जा रहा है कि सेंट मेरी अस्पताल में बच्चे के जन्म के समय पिता प्रिंस विलियम भी मौजूद थे। इससे पहले केट के दोनों बच्चों का जन्म भी इसी अस्पताल में हुआ था। इसके अलावा राजघराने के कई सदस्य भी अस्पताल में मौजूद थे। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे के जन्म के समय केट को कोई परेशानी नहीं हुई। फिलहाल केट डॉक्टरों की निगरानी में हैं। केंसिंगटन पैलेस की तरफ से कहा गया है कि नए मेहमान प्रिंस का नामकरण जल्द ही किया जाएगा।