जर्मनी में एक स्कूल के पास एक व्यक्ति ने चाकू से हमला करते हुए दो लड़कियों को घायल कर दिया है।
जर्मनी (Germany) के एक स्कूल के पास आज चाकू से हमले की घटना सामने आई है। जर्मनी के सबसे बड़े शहरों में से एक म्यूनिख (Munich) के वेस्ट में स्थित बेडन-वर्त्तमबर्ग (Baden-Württemberg) राज्य के अल्ब-डोनऊ (Alb-Donau) जिले में स्थित इल्लेरकिर्चबर्ग (Illerkirchberg) शहर में यह हादसा हुआ है। करीब 5,000 लोगों की आबादी वाले साउथवेस्टर्न जर्मनी के इस शहर में हमलावर ने दो लड़कियों पर चाकू से तब हमला किया, जब वो दोनों सोमवार की सुबह रोज़ की तरह एलिमेंट्री स्कूल जा रही थी। रिपोर्ट के अनुसार एक लड़की की उम्र 13 साल और दूसरी लड़की की उम्र 14 साल है।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
हमले के बाद दोनों स्कूली लड़कियों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। हमले के चश्मदीद गवाह ने दोनों लड़कियों को अस्पताल में भर्ती कराया। चश्मदीद गवाह के अनुसार दोनों लड़कियों को गंभीर चोट आई है। हालांकि दोनों लड़कियों की पहचान और दूसरी डिटेल्स को शेयर नहीं किया गया है और इसे गोपनीय रखा गया है।
यह भी पढ़ें- नॉर्थ कोरिया के तानाशाह का अजीब फरमान, बच्चों के Bomb और Gun जैसे नाम रखने का आदेश
हमलावर हुआ गिरफ्तार
लोकल पुलिस के एक प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि हमले के कुछ देर बाद ही हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमले के बाद हमलावर को स्कूल के पास की एक बिल्डिंग में घुसते देखा गया था और इसी बिल्डिंग से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि पुलिस ने हमलावर की पहचान को गोपनीय रखा है। इस बात की अब तक पुष्टि नहीं हुई है कि क्या हमलावर दोनों लड़कियों को जानता था और उसके दोनों लड़कियों पर हमला करने की क्या वजह थी। मामले के आधार पर पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है।