फरीदाबाद

शादी समारोह में दो साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश, खंडहर पड़े प्लॉट में रोते हुए मिली बच्ची

Faridabad News: पलवल के गदपुरी थाना इलाके में एक शादी समारोह के दौरान दो साल की बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म का प्रयास किया गया। बच्ची के परिजनों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। गदपुरी थाना पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
2 min read
Feb 23, 2026
Attempted rape of two year old girl in Faridabad

Faridabad News: शादी, बाजार, स्कूल या घर सवाल यही है कि आखिर बच्चियां कहां सुरक्षित हैं? देश में लगातार सामने आ रहे दुष्कर्म और अपहरण के मामलों ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला फरीदाबाद से सामने आया है, जहां दो साल की बच्ची अपने माता-पिता के साथ एक शादी समारोह में गई थी। भीड़भाड़ के बीच अचानक वह माता-पिता की नजरों से ओझल हो गई। बाद में पता चला कि बच्ची का अपहरण कर लिया गया है। सोचने वाली बात यह है कि परिवार और परिचितों से भरे ऐसे समारोह में भी अगर मासूम सुरक्षित नहीं हैं, तो उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल और गहरे हो जाते हैं।

दरअसल, मामला पलवल के गदपुरी थाना इलाके का है, जहां 19 फरवरी की रात को एक गांव में शादी समारोह के दौरान दो साल की बच्ची को गायब कर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की जाती है। बच्ची के परिजनों ने आरोपी को रंगेहाथों पकड़ा और पुलिस को सूचना दी। गदपुरी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि गांव के रहने वाले एक शख्स ने शिकायत दर्ज करवाई कि गुरुवार की रात वह अपने परिवार के साथ गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। तभी रात करीब नौ बजे उसकी दो साल की बेटी अचानक पंडाल से गायब हो गई।

बच्ची को पास के खंडहर प्लॉट में ले गया था आरोपी

बहुत देर तलाश करने के बाद भी बच्ची का कुछ पता नहीं चला, जिसके कारण परिवार में हड़कंप मच गया। परिवार वाले बच्ची को ढ़ूढ ही रहे थे कि तभी अचानक कहीं से बच्ची के मामा ने शोर मचाया कि बच्ची की रोने की आवाज आई। सभी आवाज कहां से आ रही है। पता लगाने के लिए आस-पास देखने लगे। फिर पता चलता है कि रोने की आवाज पास वाले खंडहर प्लॉट से आ रही है। बच्ची के पिता और मामा दीवार कूदकर अंदर पहुंचे तो देखते हैं कि बच्ची रो रही है और उसके पास शहजाद नाम का युवक मौजूद है। परिजनों को देखते ही आरोपी दीवार कूदकर भागने लगता है, लेकिन गिरने से उसके पैर में चोट लग जाती है और वह गिर जाता है, जिसके बाद मौके पर ही लोगों ने उसे घेर लिया।

बच्ची के शरीर पर मिले खरोंच के निशान

बच्ची के शरीर पर खरोंच के निशान पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही गदपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बच्ची के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म की कोशिश सहित कईं धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Updated on:
23 Feb 2026 01:38 pm
Published on:
23 Feb 2026 01:38 pm