फर्रुखाबाद में सलमान खुर्शीद की भतीजी का विवादित बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने कहा कि ऐसे मुसलमान का हुक्का पानी बंद कर देना चाहिए। जिसने भाजपा प्रत्याशी की मीटिंग कराई है। इस मौके पर उन्होंने 'वोट जिहाद' शब्द का भी इस्तेमाल किया। मजिस्ट्रेट की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
लोकसभा चुनाव 2024 में पहली बार 'वोटों का जिहाद' सुनने में आया है। सलमान खुर्शीद की भतीजी मारिया आलम खान ने इसका इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि बहुत ख़ामोशी के साथ एक होकर वोटों का जिहाद करो। जिससे इस 'संघी सरकार' को भगा सके। उन्होंने कहा कि आज उन्हें शर्म आ रही है। जब यह सुना कि कुछ मुसलमानों ने भाजपा प्रत्याशी मुकेश राजपूत की मीटिंग कराई है। ऐसे मुसलमान का हुक्का पानी बंद कर देना चाहिए। इतना खुदगर्ज ना बनो कि बच्चों की जिंदगी से खेलने लगो। मारिया आलम खान फर्रुखाबाद में चुनावी सभा को संबोधित कर रही थी। कायमगंज थाने में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मारिया आलम खान ने कहा कि आज कई लोग सीएए और एनआरसी के कारण जेल में बंद है। जिनके मुकदमे सलमान खुर्शीद फ्री में लड़ रहे हैं। ऐसे में यदि आप साथ नहीं देंगे। तो वह अकेले कुछ नहीं कर सकते हैं। उन्होंने मुस्लिम समुदाय से कहा कि यह सोचना गलत है कि अब कुछ नहीं हो सकता है। हम सौ बार हारेंगे, लेकिन फिर भी लड़ेंगे।
मारिया आलम खान ने कहा कि आज मीटिंगों में कहा जाता है कि संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। लेकिन उनका मानना है कि आज इंसानियत खतरे में है। मुल्क को बचाने के लिए किसी के बहकावे में ना आए।
एसपी फतेहगढ़ ने बताया कि मारिया आलम धर्म के आधार पर वोट मांग रही है। जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है । एफएसटी मजिस्ट्रेट की तहरीर पर कायमगंज थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के बाद जो भी दोषी होगा। उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।