
फर्रुखाबाद : डॉ. आंबेडकर के जन्मदिवस पर समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री नरेन्द्र सिंह यादव के पुत्र सचिन यादव ने आयोजित कार्यक्रम में कहा है कि जिस तरह से दोनों दल मिले उसी तरह से दिल भी मिलने जरूरी है। तभी आगामी 2019 के चुनाव मे बीजेपी की सरकार को उखाड़ फेंका जा सकेगा।
उर्मिला राजपूत ने दिया अपना बयान
शहर के बढ़पुर स्थित एक गेस्ट हॉउस में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने कहा कि भीम राव आंबेडकर सभी धर्मो के विषय में सोचते थे। उन्होंने समता मूलक समाज की स्थापना के लिये संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि यदि देश के सभी दलित, पिछड़े व अति पिछड़े मिल जाए तो देश में आगामी लोक सभा चुनाव में जीत से कोई रोंक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि दलों के साथ ही साथ दिलों को मिलाने की जरूरत है। पूर्व विधायक जमालुद्दीन सिद्दकी ने कहा कि योगी सरकार केवल अल्पसंख्यकों के पीछे पड़ी है। इस बार बीजेपी ने रेल बजट को ही गायब कर दिया। बीजेपी ड्रामेबाज पार्टी है। लेकिन सपा-बसपा गठबंधन ने उनका जीना मुश्किल कर दिया है।
आज जिलों के मजबूत रखवाले की आवश्यकता
पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव ने कहा कि जिले की चौकीदारी पार्टी सचिन यादव के हाथो में सौंप दें जिससे दलित, शोषित समाज की रक्षा हो सके। उन्होंने कहा कि आज जिलों के मजबूत रखवाले की आवश्यकता है। पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सचिन सिंह यादव ने कहा की आज देश व प्रदेश के हालातों पर चर्चा करनी होगी। केंद्र सरकार संविधान से खिलवाड़ कर रही है। ईवीएम से छेड़छाड़ कर लोकतंत्र को खतरे में डाला जा रहा है। दलित एक्ट में छेड़छाड़ करने का प्रयास हो रहा है। उद्योगपति तरक्की कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मदद से करोड़ों रुपए लोग बैंक से लोन लेकर भाग रहे हैं। आने वाले समय में दोनों दल मिलकर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान की रक्षा करेंगे।उन्होंने कहा कि आगामी 2019 के लोकसभा चुनाव में महागठबंधन से एक बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा।
2019 के लोक सभा चुनाव में जबाब मिलेगा
मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री नरेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि यूपी में दो विचारों का मिलन हुआ है। बीजेपी इस गठबंधन से अपनी कुर्सी खतरे में देख रही है। कुछ लोगों के सहारे देश रिपोर्ट की तरह चलाया जा रहा है। बीजेपी फूट डालो और राज्य करों की निति अपना रही है। लेकिन आगामी 2019 के लोक सभा चुनाव में इसका जबाब मिलेगा। यूपी की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। सपा की पांच साल की सरकार में जितने अपराध नहीं हुए उतने बीजेपी की एक साल की सरकार में हो गए। उन्होंने कहा की डॉ० आंबेडकर ने कहा था कि मंदिरों की तरफ लाइन न लगके जब विद्यालयों की तरफ लाइन लगेगी तभी देश का विकास होगा। आगामी लोक सभा चुनाव में दलित समाज अहम भूमिका निभाएगा।
ये लोग रहे मौजूद
पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह राठौर, रामा नंद प्रजापति, रनवीर सिंह यादव, मुन्ना यादव आदि ने भी विचार व्यक्त किया। जितेन्द्र यादव (सिरोली वाले), रामजी वाजपेयी, अनिल श्रीवास्तव, मनमोहन मिश्रा आदि रहे।