
राज्यमंत्री राकेश राठौर फोटो IANS
Rakesh Rathore Slams Akhilesh Yadav PDA Yatra: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्यमंत्री राकेश राठौर ने रविवार को जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश के पास अब कुछ नहीं बचा। चाहे वे कोई भी यात्रा निकाल लें या कुछ भी करें, उनके पास कुछ नहीं बचा है।
राठौर ने फर्रुखाबाद में मीडिया से बात करते हुए कहा कि अगर सपा के पास पहले कुछ होता तो 2012 में सत्ता में आने के बाद वे पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पर भी ध्यान देते। लेकिन उस समय उनके आसपास हर तरह के गुंडे और अपराधी तत्व बने रहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में अपराधियों को संरक्षण मिला और विकास के नाम पर कुछ खास नहीं हुआ।
राज्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार कानून व्यवस्था और विकास दोनों पर ध्यान दे रही है, जबकि विपक्ष सिर्फ यात्राएं निकालकर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है। राठौर ने दावा किया कि जनता अब सपा के पुराने चेहरे और उसके तरीकों को अच्छी तरह समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की यात्राओं से जनता प्रभावित नहीं होने वाली। जनता विकास, सुरक्षा और सुशासन चाहती है, जो वर्तमान सरकार दे रही है। राठौर के इस बयान से सपा और भाजपा के बीच राजनीतिक घमासान और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि ये घटनाएं जानबूझकर अंजाम दी गईं क्योंकि भाजपा संविधान बदलना चाहती थी, लेकिन उसमें सफल नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमाओं को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया गया है। भाजपा सरकार में 72 जिलों में 151 से अधिक अंबेडकर प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त की गईं।
उन्होंने आगे कहा कि जब भी भाजपा और उसकी विचारधारा वाले लोग हमला करते हैं, तो सबसे पहले हाथ में थामे संविधान की प्रति को निशाना बनाया जाता है। अखिलेश यादव के अनुसार, यह घटनाक्रम दलित समाज के प्रतीकों के प्रति सरकार की कथित उदासीनता को दर्शाता है।
Updated on:
20 Sept 2026 08:07 pm
Published on:
20 Sept 2026 07:55 pm
