Farrukhabad murder: फर्रुखाबाद में घर के बाहर सोते समय एक युवक की गला रेत कर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। एएसपी ने बताया कि घर वालों से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
Farrukhabad murder: फर्रुखाबाद में घर के बाहर सो रहे युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के समय घर के सभी सदस्य अंदर सो रहे थे। बहन झाड़ू लगाने के लिए जब बाहर निकली तो उसे घटना की जानकारी हुई। युवक की हत्या की खबर जंगल में आग की तरह पूरे क्षेत्र में चल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मौके पर स्थानीय थाना पुलिस टीम के साथ पहुंच गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। परिजनों की तरफ से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र की है।
उत्तर प्रदेश के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गेसिंहपुर निवासी लखन कश्यप (32) घर के बाहर चारपाई में सो रहा था। उसी समय अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से लखन कश्यप के गले को रेत दिया। अचानक हुए हमले में लखन कश्यप को बचने का मौका नहीं मिला। घटना की जानकारी घर वालों को उस समय हुई जब लखन की बहन घर से बाहर झाड़ू लगाने के लिए निकली। वहां लखन कश्यप खटिया में खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने बताया कि उन्हें घटना के विषय में कोई जानकारी नहीं है। एक महीना पहले गांव में ही लड़ाई हुई थी। उन्होंने संभावना व्यक्त की कि यह घटना उन्होंने ही करवाई होगी। उन्हें उन्हीं लोगों पर शक है। लड़के ने शादी नहीं की है। घटना की जानकारी उन्हें उस समय हुई जब बेटी झाड़ू लगाने के लिए बाहर निकली थी। वह लोग घर के अंदर ही सो रहे थे। मृतक के चार भाई और पांच बहनें हैं।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के समय मृतक चारपाई पर सो रहा था। उसी समय अज्ञात हमलावर ने लखन कश्यप की हत्या कर दी। घटना की जांच की जा रही है। परिजन घटना के कारण के विषय में कोई भी जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। पूछताछ में जानकारी हुई थी कि एक महीना पहले लड़ाई हुई थी। इस दिशा में भी जांच चल रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घर के बाहर सोते समय लखन कश्यप की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सबसे पहले शव को उनकी बहन ने देखा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। परिजनों की तरफ से अभी किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है ना ही तहरीर दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।