17 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर हादसा, गंगा में डूबे एक ही परिवार के 3 सदस्यों समेत 4 कांवड़िए

Farrukhabad Ganga Accident: फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के तीन समेत चार कांवड़िया गहरे पानी में डूब गए। NDRF और गोताखोर उनकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन तेज बहाव से परेशानी हो रही है।
2 min read
Google source verification
Kanwar Yatra

गंगा में डूबे चार कांवड़िया (X Photo Santosh Yadav)

Kanwar Yatra Accident: फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर सोमवार भोर में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शाहजहांपुर के नयागांव खुदागंज से कांवड़ लेकर आए एक ही गांव के चार युवक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। साथियों और पुलिस ने उन्हें गहरे पानी में जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, स्थानीय गोताखोर और NDRF की टीम चारों की तलाश में जुटी है। तेज बहाव के कारण दोपहर तक उनका कोई पता नहीं चल सका।

साथियों ने रोका, फिर भी गहरे पानी में गए

जानकारी के मुताबिक, शाहजहांपुर के नयागांव खुदागंज निवासी योगेश (17) पुत्र प्रमोद सक्सेना, उसके चाचा विकास (25) पुत्र सोनपाल सक्सेना, चचेरे चाचा कमल (23) पुत्र सत्यपाल और गांव के अर्जुन (17) पुत्र राजेश प्रजापति समेत करीब दस लोग बाइकों से पांचाल घाट पहुंचे थे।

सोमवार को सुबह सभी लोग पांचाल घाट के उत्तरी बंधा के पास गंगा में स्नान करने पहुंचे। कुछ साथी बाइकों के पास खड़े रहे, जबकि बाकी लोग गंगा में उतरकर स्नान करने लगे। इसी दौरान योगेश, विकास, कमल और अर्जुन गहरे पानी की ओर जाने लगे। बाहर खड़े उनके साथियों और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने चारों को गहरे पानी में जाने से रोका। इसके बावजूद वे नहीं रुके और आगे चले गए।

देखते ही देखते डूब गए चारों

गहरे पानी में पहुंचते ही चारों युवक गोते खाने लगे। यह देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। आसपास के लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में चारों गंगा में डूब गए और लापता हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचीं, उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों से बात की। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों के साथ NDRF की टीम को भी तलाश में लगाया गया।

तेज बहाव के कारण तलाश में परेशानी

गंगा में पानी का बहाव तेज होने के कारण चारों युवकों को तलाशने में परेशानी हो रही है। पुलिस और बचाव दल लगातार नदी में खोज अभियान चला रहे हैं। दोपहर तक चारों का कोई पता नहीं चल सका था। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन भी पांचाल घाट पहुंच गए।सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि डूबे हुए चारों लोगों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि गंगा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को लगातार गहरे पानी में जाने से रोका जाता है।

योगेश हाईस्कूल का छात्र था

हादसे में लापता योगेश हाईस्कूल का छात्र था। उसकी मां सोनी देवी हैं। वह चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसका बड़ा भाई देवेश है। वहीं विकास छह भाइयों में सबसे छोटा था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह ITI कर रहा था। कमल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई गुड्डू और अवनीश हैं। कमल की मां विमला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया गया कि देवेश, विकास और अर्जुन पानी बताशे का ठेला भी लगाते थे। उनके साथ गांव का विक्की भी पांचाल घाट आया था और वह भी गंगा में स्नान कर रहा था।

बड़ी खबरें

View All

फर्रुखाबाद

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग