
Gas Cylinder Blast In Fatehpur Update: मलवां कस्बे में सोमवार शामगैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए तेज धमाके से 2 मंजिला मकान की छत ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे दबकर फल कारोबारी सुरेश गुप्ता के बेटे और 3 भतीजों समेत 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक महिला घायल हुई है। हादसे के बाद सदमे में आए कारोबारी की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
दरअसल, कारोबारी सुरेश गुप्ता के मकान में कुल 4 गैस सिलेंडर रखे थे। सोमवार शाम घर के निचले हिस्से में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान पाइप में गैस का रिसाव होने के बाद एक सिलेंडर में आग लग गई। आग देखकर घर में मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बाहर निकलने की कोशिश की। इसी बीच आग किचन में रखे दूसरे सिलेंडर तक पहुंच गई। इसके बाद दोनों सिलेंडरों में धमाका हो गया।
धमाके के समय सुरेश का 18 वर्षीय बेटा कुणाल और उनके भाई के बेटे आलोक (25) आग बुझाने के लिए दूसरी मंजिल की ओर पहुंचे थे। तभी जोरदार धमाका हुआ और मकान की दूसरी मंजिल की छत भरभराकर नीचे आ गिरी। धमाके की आवाज करीब 500 मीटर दूर तक सुनाई देने की बात सामने आई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
छत गिरने से अर्पित (15), वेद (8) और यश (6) मलबे में दब गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, झुलसे कुणाल और आलोक को पुलिस व दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान कुणाल को मृत घोषित कर दिया गया। देर रात आलोक ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या पांच हो गई।
सुरेश की पत्नी उमा देवी के मुताबिक, हादसे के वक्त वह अपनी बेटी लक्ष्मी और छोटे भाई स्वर्गीय रोहित की पत्नी पूजा (38) के साथ मकान के निचले हिस्से में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस रिसाव होने लगा। उन्होंने कहा कि इसी कारण सिलेंडर में आग लग गई। आग फैलने के बाद परिवार के लोगों ने शोर मचाया…. चीख पुकार मच गई, कुछ ही देर में दूसरा सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गया और जोरदार धमाका हो गया। तभी धमाके से छत ढह गई। हादसे में रोहित की पत्नी पूजा घायल हुई हैं। उनका इलाज कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि CM की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की बात कही गई है। पुलिसऔर दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
फतेहपुर में हुए इस हादसे में जनहानि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के परिजनों से संवाद करने और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।