
नई दिल्ली। केंद्र सरकार की लोगों को रोजगार दिलाने के उद्देश्य से शुरू की गई मुद्रा लोन योजना के तहत जल्द ही फ्लिपकार्ट, पतंजलि और अमूल जैसी कंपनियां लोन बांटती नजर आएंगी। इसके लिए वित्त मंत्रालय ने देशभर में 40 कंपनियों से करार किया है। इन कंपनियों का चयन ज्यादा लोगों को रोजगार देने के आधार पर किया गया है। जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को लोन आवंटित करना है।
23 जून को मुंबई में होगा कार्यक्रम
वित्तीय सेवा सचिव राजीव कुमार के अनुसार मुद्रा योजना का ज्यादा से ज्यादा लोगों तक लाभ पहुंचाने के लिए वित्त मंत्रालय की ओर से 40 कंपनियों का चयन किया गया है। राजीव कुमार के अनुसार इस योजना के तहत पात्र लोगों का चयन करने के लिए 23 जून को मुंबई में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में चुने गए लोगों को इन कंपनियों के माध्यम से मुद्रा लोन दिए जाएंगे।
ये है प्रस्ताव
दरअसल केंद्र सरकार की ओर से ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री मुद्रा लोन योजना शुरू की गई थी। लेकिन बड़ी संख्या में लोगों ने बैंकों की ओर से लोन नहीं देने की शिकायतें कीं। इसके बाद वित्त मंत्रालय ने इन कंपनियों के माध्यम से मुद्रा लोन देने की योजना बनाई। इस नई योजना के तहत ये कंपनियां मुद्रा लोन के लिए पात्र लोगों की पहचान करेंगी। जिन लोगों का चयन यह कंपनियां करेंगी, उनको सरकार की ओर से मुद्रा लोन दिया जाएगा।
बैंकों से भी मिलेगा लोन
राजीव कुमार ने कहा कि इस नई योजना के शुरू होने के बाद भी लोग बैंकों से भी मुद्रा लोन ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि नई योजना का मकसद उन लोगों तक पहुंचना है जिन्हें अपना कारोबार करने के लिए लोन की जरूरत है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से चयनित की गई कंपनियों में पतंजलि, फ्लिपकार्ट और अमूल के अलावा मेक माइ ट्रिप, जोमाटो, मेरू कैब, मुथू, एडलवाइस, ऐमजॉन, ओला, बिग बास्केट, कार्ज ऑन रेंट, हबीब सैलून जैसी कंपनियां भी शामिल हैं।