
नई दिल्ली. भारतीय स्टेट बैंक ने अपने ग्राहको को नये साल का तोहफा दिया है। देश के सबसे बड़े बैंक ने ब्याज दरों 0.30 फीसदी की कटौती की है। एसबीआई ने बेस रेट 8.95 फीसदी से घटाकर 8.65 फीसदी कर दिया है। नई दरें 1 जनवरी 2018 से लागू हो गईं। बेस रेट में कटौती का फायदा बैंक के पुराने होम, ऑटो या पर्सनल लोन ग्रहकों को होगा, क्योंकि 1 अप्रैल 2016 से सभी बैंक एमसीएलआर (मार्जिनल कॉस्ट लेंडिंग रेट) पर लोन दे रहे हैं। बता दें, ब्याज दर तय करने को लेकर रिजर्व बैंक ने MCLR की शुरुआत की।
इन्हें मिलेगा फायदा
आपको बता दें कि BPLR के आधार पर लोन लेने वालों की ईएमआई की रकम अब घट जाएगी। SBI ने BPLR 13.70 फीसदी से घटा कर 13.40 फीसदी कर दिया है। इसके अलावा बैंक ने बेस रेट में भी 0.30 फीसदी की कटौती की है। अब SBI का बेस रेट 8.65 फीसदी हो गया है जो 31 दिसंबर 2017 तक 8.95 फीसदी था। हालांकि, बैंक ने MCLR में कोई बदलाव नहीं किया है। एसबीआई के बेस रेट घटाने से केवल उन्हीं पुराने ग्राहकों को फायदा होगा जिन्होंने बेस रेट पर लोन लिया हुआ है। यानी बेस रेट पर लोन लेने वालों के होम लोन, कार लोन, बिजनस लोन और पर्सनल लोन की ईएमआई कम हो जाएगी। हालांकि बैंक के इस फैसले से नए लोन लेने वालों (1 अप्रैल 2016 से) को फायदा नहीं होगा।
कर्मचारियों को भी दिया था तोहफा
इससे पहले पिछले हफ्ते बैंक ने अपने कर्मचारियों के लिए भी कई तोहफों की घोषणा की थी। जिसमें कर्मचारियों को शोक मनाने के लिए छुट्टी देने का ऐलान किया गया। ऐसा पहली बार हुआ है कि भारत में पब्लिक सेक्टर का कोई बैंक अपने कर्मचारियों की ऐसी छुट्टी की घोषणा की है। इसके अलावा मासिक पेंशन उठाने वाले रिटायर्ड कर्मियों को मेडिक्लेम के प्रीमियम में 75 प्रतिशत की सब्सिडी भी देने की घोषणा की थी।