नई दिल्ली। नई नौकरियों के मोर्चे पर नया साल कैसा रहेगा ये तो समय ही तय रहेगा। लेकिन वित्त-वर्ष 2016 -17 में संगठित क्षेत्र में हर रोज लोगों को 1100 नौकरियां मिली हैं। श्रम मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पूरे साल में कुल 4.16 लाख नौकरी के नए अवसर संगठित क्षेत्र ने प्रदान किए। जो पिछले वित्त वर्ष 2015-16 से 2% ज्यादा है। खास बात यह है कि 2016-17 की आखिरी तिमाही में पिछली तीन तिमाहियों के मुकाबले बहुत ज्यादा नई नौकरियां दी गईं जब अर्थव्यवस्था पर नोटबंदी का सबसे ज्यादा असर था। गौरतलब है कि 8 नवंबर 2017 को नोटबंदी का ऐलान किया गया था। वित्त वर्ष 2016-17 में 45% नई नौकरियां जनवरी से मार्च 2017 के बीच पैदा हुईं, यानि नोटबंदी के बाद के तिमाही में सबसे ज्यादा नौकरी मिली है। हालांकि बीते 10 सालों की बात की जाए तो विकास की रफ्तार सुस्त दिखाई पड़ती है क्योंकि साल 1990 से भारत में हर साल 8 लाख लोग नई नौकरी से जुडते रहे हैं। इस लिहाज से ये आंकड़ा आधे पर आ चुका है।