Personal Finance

स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान ने किया ऐलान, कहा देश वित्तीय संकट से बाहर

- पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक ने दावा किया है कि मित्र देशों की मदद से देश वित्तीय संकट से बाहर आ गया है और अर्थव्यवस्था पटरी पर आ गयी है। - स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के गवर्नर तारिक बाजवा का यह बयान ऐसे समय आया है जब सऊदी अरब ने पाकिस्तान में विभिन्न परियोजनाओं में 20 अरब डॉलर निवेश की घोषणा की है।    
2 min read
pakistan
स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान ने किया ऐलान, कहा देश वित्तीय संकट से बाहर

नई दिल्ली। पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक ने दावा किया है कि मित्र देशों की मदद से देश वित्तीय संकट से बाहर आ गया है और अर्थव्यवस्था पटरी पर आ गयी है। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के गवर्नर तारिक बाजवा का यह बयान ऐसे समय आया है जब सऊदी अरब ने पाकिस्तान में विभिन्न परियोजनाओं में 20 अरब डॉलर निवेश की घोषणा की है।


इस अखबार से सामने आई ये बात

अखबार डॉन में छपी खबर के अनुसार बाजवा ने लाहौर में एक निजी विश्वविद्यालय में सोमवार को अपने एक संबोधन में कहा कि अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता का दौर समाप्त हो गया है। सरकार सही रास्ते पर है तथा सभी आर्थिक चुनौतियों से निपटने में सक्षम है। केंद्रीय बैंक के गवर्नर ने चालू खाते के घाटे के बारे में बात की जिससे चालू वित्त वर्ष के दौरान अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।


ये है इमरान खान की चुनौती

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की अगुवाई वाली नई सरकार के लिए चालू खाते का घाटा एक वास्तविक चुनौती है। खान ने चीन, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया तथा तुर्की जैसे मित्र देशों की यात्रा कर घाटे से पार पाने के लिए निवेश और वित्तीय मदद का आग्रह किया था। बाजवा ने कहा कि चालू खाते के घाटे को समाप्त करने के लिये योजना तैयार की गयी है। उन्होंने कहा कि घाटा देश के लिए सबसे बड़ी बाधा है। सरकार इसे कम करने के लिये पैकेज को लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष के साथ अब भी बातचीत कर रही है।

(ये कॉपी भाषा से ली गई है।)

Read the Latest Business News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले Business News in Hindi की ताज़ा खबरें हिंदी में पत्रिका पर।

Published on:
19 Feb 2019 03:10 pm