फिरोजाबाद

खुलासा: प्रेमी की खातिर पति को छोड़कर आई महिला की भाई ने की थी हत्या

जसराना के जाजूमई तिराहा पर मिला था महिला का लहूलुहान शव। भाई का कहना बहन के कारण परिवार की हो रही थी बदनामी।
2 min read
• •
Updated: 17 May 2018, 1:47 PM IST
Feature image

फिरोजाबाद। शादी के बाद पति का घर छोड़कर प्रेमी के साथ घूमने वाली बहन को भाई ने मौत की सजा दी। भाई ने बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। जसराना क्षेत्र में पांच दिन पूर्व हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला का भाई निकला, जिसने बहन के ससुराल न जाने और किसी दूसरे युवक से संबंध होने पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी।

11 मई की है घटना
11 मई की रात जाजूमई तिराहा पर अज्ञात बदमाशों द्वारा रेनू पुत्री स्व. उदयवीर सिंह निवासी जाजूमई थाना जसराना जिला फिरोजाबाद की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सम्बन्ध में थाना जसराना पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। तभी से पुलिस हत्यारोपी की तलाश में जुट गई थी। एसएसपी राहुल यादवेन्दु ने बताया कि बुधवार सुबह करीब सात बजे मुुखबिर ने थाना प्रभारी जसराना ऊदल सिंह को सूचना दी कि महिला की हत्या करने वाला आरोपी जाजूमई तिराहा पर कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

इसलिए कर दी बहन की हत्या
पकड़े गए युवक ने अपना नाम विपिन कुमार पुत्र स्व. उदयवीर सिंह निवासी जाजूमई तिराहा, ग्राम जाजूमई थाना जसराना जिला फिरोजाबाद बताया। पुलिस ने उससे पूछताछ की, जिसमें उसने बहन की हत्या करने की बात कबूल कर दी। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी बहन रेनू की शादी दो वर्ष पूर्व थाना खैरगढ के केशपुरा में हुई थी। शादी के एक माह बाद ही वह ससुराल छोड़कर मायके आ गई थी। यहां उसके किसी दूसरे युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसे कई बार समझाया गया लेकिन वह नहीं मानी। उसकी वजह से उनके परिवार की बदनामी हो रही थी। बदनामी के डर से उसने अपनी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने पकडे गए युवक की निशानदेही पर तमंचा भी बरामद कर लिया है।

Published on: