
फिरोजाबाद में पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार पत्नी।
Husband Murder Wife Confession:इटावा के पास स्थित गुरैया सोहेलपुर गांव में 11 सितंबर की रात हुई शिवम उर्फ राहुल की संदिग्ध मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शिवम की हत्या उसकी पत्नी प्रीति ने की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने की पुष्टि होने के बाद पुलिसिया पूछताछ में प्रीति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया।
अहमदाबाद की एक निजी कंपनी में काम करने वाला शिवम 9 सितंबर को अपने गांव लौटा था। पति के आने की खबर पाकर प्रीति भी अपने मायके उदयपुरा, इटावा से ससुराल आ गई। 11 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे शिवम शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। इसके बाद दोनों में बहस शुरू हो गई। उस वक्त घर के निचले तल में मौजूद शिवम के माता-पिता, बलवीर सिंह और मुन्नी देवी ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
रात करीब 8 बजे दोनों के बीच दोबारा झगड़ा शुरू हो गया। नशे में धुत शिवम ने प्रीति के बाल पकड़ लिए और उसकी बुरी तरह पिटाई करने लगा। खुद को बचाने के लिए प्रीति ने शिवम को जोर से धक्का दिया, जिससे वह दरवाजे के पास गिर पड़ा। इसके तुरंत बाद प्रीति ने शिवम की छाती पर बैठकर दोनों हाथों से उसका गला दबा दिया। शराब के अत्यधिक नशे में होने के कारण शिवम विरोध नहीं कर सका और कुछ ही देर में बेहोध हो गया।
पति के अचेत होने के करीब एक घंटे बाद प्रीति नीचे पहुंची और सास-ससुर को झूठी कहानी सुनाते हुए कहा कि शिवम ने फंदा लगा लिया है। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद प्रीति ने अपने भाई अक्षय को फोन करके पूरी सच्चाई बताई। परिजन रात भर शव को घर में ही रखे रहे।
अगली सुबह (12 सितंबर) मामले को दबाने के उद्देश्य से प्रीति के भाई अक्षय ने पुलिस को सूचना दी कि उसके जीजा शिवम ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली है। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्ट के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत की पुष्टि गला दबाने की होने पर पुलिस की एक-एक कर परिजनों से पूछताछ की, जिसमें प्रीति टूट गई और हत्या को कबूल कर लिया।
Updated on:
16 Sept 2026 08:48 am
Published on:
16 Sept 2026 08:28 am
