बसपा ने सबसे पहले घोषित किया महापौर पद का प्रत्याशी, भाजपा और सपा में अभी भी बैठकों का दौर जारी
फिरोजाबाद। बहुजन समाज पार्टी जो विधानसभा में खाता भी नहीं खोल सकी थी। वह अब निकाय चुनाव में जीत की तैयारी कर रही है। बसपा हाईकमान किसी प्रकार निकाय चुनाव में प्रत्याशियों को जीत दिलाना चाहती है। यही कारण है कि बसपा ने सबसे पहले महापौर पद के प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। साथ ही टूंडला नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए देर शाम नाम घोषित कर दिया। बसपा इस बार पार्टी सिंबल पर निकाय चुनाव लडाने जा रही है।
माहापौर के लिए पायल राठौर का नाम
पायल राठौर का नाम बसपा में काफी दिनों से चर्चा में था। अब बसपा के एमएलसी सुनील चित्तौड, आगरा-अलीगढ मंडल के जोन कोर्डिनेटर हेमंत प्रताप सिंह, डाॅ. ज्ञान सिंह और जिलाध्यक्ष सालिग सिंह ने पायल राठौर को महापौर पद का प्रत्याशी घोषित कर दिया है। एमएलसी का कहना है कि बसपा इस बार निकाय चुनाव पार्टी सिंबल पर लडाने का काम करेगी। विधानसभा चुनावों में भले ही बसपा को कोई जगह नहीं मिली हो लेकिन नगर निगम और नगर पालिका चुनाव में बसपा पूरी दम दिखाएगी।
टूंडला से पुष्पा मौर्य के नाम की घोषणा
लगातार पांच बार विधायक रहे चन्द्रभान मौर्य की पुत्रवधु को बसपा ने दोबारा टूंडला नगर पालिक अध्यक्ष पद के लिए नामित किया है। पुष्पा मौर्य वर्ष 2006 से 2012 तक टूंडला नगर पालिका में अध्यक्ष के पद पर रह चुकी हैं। इस बार पार्टी ने दोबारा उन पर भरोसा जताया है। बसपा और शिकोहाबाद और सिरसागंज में भी प्रत्याशी घोषित करने वाली है। भाजपा और सपा अभी तक एक भी प्रत्याशी की घोषणा नहीं कर सकी है। हालांकि निकाय चुनाव को लेकर सपा सांसद अक्षय यादव लगातार बैठकें कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष रामसेवक यादव ने बताया कि सपा ने प्रत्याशियों के नामों का चयन कर लिया है। बस उनके नामों की घोषणा करना बाकी रह गया है।
भाजपा में है दावेदारों की लंबी लिस्ट
भाजपा में महापौर से लेकर नगर पालिका अध्यक्ष पदों को लेकर लंबी लिस्ट है। लिस्ट के नामों को फाइनल अंतिम रूप देने के लिए निकाय चुनाव प्रभारी भी बैठक कर रहे हैं। केबिनेट मंत्री से लेकर क्षेत्रीय विधायकों से भी सलाह मशविरा किया जा रहा है। ऐसे में भाजपा सबसे आखिरी में अपने पत्ते खोलने के मूड में दिख रही है।