शराबी पिता ने चार माह के इकलौते बेटे को छत से फेंका, मौत के बाद शव दफनाया
फिरोजाबाद। रामगढ़ क्षेत्र में शराब के नशे में धुत पिता ने अपने इकलौते मासूम बेटे को छत से फेंक दिया। उसकी मौत होने पर आरोपी ने शव को दफना दिया। मृतक बच्चे की मां ने अपने पिता को घटना के बारे में बताया। मृतक के नाना ने आकर थाना रामगढ़ में दामाद के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने कब्र से शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
मासूम बेटे को छत से फेंका
सैलई निवासी रविकांत पर उसकी पत्नी अर्चना ने चार माह के बेटे को छत से फेंक कर मार डालने का आरोप लगाया है। अर्चना के अनुसार सात अप्रैल को उसका पति शराब पीकर आया। उसका घरवालों से किसी बात पर झगड़ा हो गया। झगड़ा बढ़ता देख अर्चना अपने चार माह के बेटे को छत पर लिटाकर नीचे आई। वो अपनी सास और देवर से बात कर रही थी, तभी पति रविकांत ने छत पर जाकर मासूम बेटे को नीचे फेंक दिया। कलेजे को टुकड़े छत से नीते पड़ा देख अर्चना का कलेजा कांप गया। वो तुरंत उसे अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद आरोपी पति ने जबरन मृत बच्चे का शव दफना दिया। पत्नी ने अपने पिता को फोन पर बताने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल फोन छीन लिया। उसके साथ मारपीट की गई।
पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम
किसी तरह अर्चना ने फोन पर अपने पिता मान सिंह को सारी घटना बताई। वो भीलवाड़ा राजस्थान में रहते हैं। बेटी की व्यथा सुन पिता हैरत में पड़ गया। वो सोमवार की रात बेटी के पास आ गया। उन्होंने थाने पहुंच कर अपने दामाद के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मासूम के शव को कब्र से बाहर निकाला और उसका पोस्टमार्टम कराया।
दो वर्ष पहले हुई थी शादी
मृतक बच्चे के नाना ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी अर्चना की शादी दो वर्ष पहले की थी। उसका पति कुछ करता नहीं है। वो शराब पीने का आदी है। उसने शराब के नशे में ही मासूम को छत से नीचे फेंक दिया। उसकी मौत के बाद उसे दफना दिया। एसपी सिटी राजेश सिंह का कहना है कि मासूम के नाना की तहरीर पर पिता रविकान्त के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पिता की तलाश की जा रही है। उसको शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।