फिरोजाबाद

यूपी निकाय चुनाव में प्रदेश भर में पैसा बांटने के लिए लगा दी फर्जी नोट छापने की मशीन

चुनाव से पहले हो जाती है तैयारी, 50 रुपए की भी नोटें, देखें वीडियो

2 min read
fake
fake

फिरोजाबाद।सुहाग नगरी में अभी तक कांच की चूडियां बनते हुए सभी ने देखा और सुना होगा लेकिन अब चूड़ियों के अलावा तमंचे और नकली नोट बनाने का कारोबार भी होने लगा है। फिरोजाबाद पुलिस ने नकली नोट छापने के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जो यूपी निकाय चुनाव में पूरे प्रदेश में नकली नोट को बांटने की तैयारी में थे। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों के साथ नकली नोट बनाने का सामान भी बरामद किया है। इनमें एक आरोपी जेल से पैरोल पर छूटकर आया था। उसके बाद वापस जेल ही नहीं गया। नकली नोट बनाने के मामले में ही दिल्ली पुलिस ने उसे जेल भेजा था।

इंटेलीजेंस टीम को मिली थी सूचना

शनिवार को प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए एसएसपी डाॅ. मनोज कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात्रि को क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन की ओर माल गोदाम रोड पर चार लोग लाल रंग की वैगनआर कार में बैठे हैं। उनके पास काफी मात्रा मेें नकली नोट हैं। सूचना पर क्राइम ब्रांच और थाना दक्षिण की पुलिस मौके पर पहुंची और कार को घेर लिया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया जबकि एक आरोपी मौका पाकर भाग निकला। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से एक लाख 37 हजार रूपए के नकली नोट बरामद हुए हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया है।

दो हजार के 68 और 50 के 20 नोट बरामद

एसएसपी ने बताया कि आरोपियों के पास से दो हजार के 68 नोट कुल एक लाख 36 हजार और 50 के 20 नोट बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ करने पर नकली नोट बनाने का सामान जिसमें डाई, कटर, तार की रोल, प्रिंटर, स्केनर, लेपटाॅप समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। एसएसपी के मुुताबिक पकड़े गए आरोपियों के नाम तेजिन्दर सिंह पुत्र हरभजन सिंह, निवासी गुरूद्वारा मोतीनगर थाना मोती नगर पश्चिमी दिल्ली, इमरान उर्फ लंगड़ा पुत्र अफसर अली, निवासी मोहल्ला नई बस्ती थाना घिरोर मैनपुरी और अजय कुमार उर्फ टिंकू पुत्र बाबूराम निवासी मोहल्ला नेहरू नगर बिजली घर के पीछे थाना दक्षिण फिरोजाबाद हैं। वहीं फरार हुए आरोपी कका नाम सुमित वर्मा पुत्र नरेन्द्र वर्मा निवासी कस्बा व थाना घिरोर जनपद मैनपुरी है।

दिल्ली में पकड़ा गया था तेजिन्दर

एसएसपी ने बताया कि वर्ष 2007 में तेजिन्द्र एक लाख 75 हजार रुपए के नकली नोट के साथ कमला मार्केट नई दिल्ली में पकड़ा गया था। इसके बाद 2012 में तीन लाख 50 हजार के नकली नोट के साथ थाना विजय बिहार नई दिल्ली में पकडा गया था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि लगभग एक माह पूर्व वह पेरोल पर आया था। समय समाप्त होने के बाद वापस नही गया। टीम में प्रभारी निरीक्षक दक्षिण विनोद कुमार, क्राइम ब्रांच प्रभारी नीरज कुमार मिश्रा, दिनेश कुमार, राहुल यादव, नदीम खान आदि थे।

Published on:
28 Oct 2017 07:38 pm